देवरिया में दीपावली पर देर रात तक आतिशबाजी का दौर:दुकानदारों ने तिजोरी और बहीखातों की पूजा की, आसमान में बिखरी रंग-बिरंगी रोशनी
देवरिया में रविवार को दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। शाम होते ही घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर दीप जल उठे। रंग-बिरंगी झालरों से शहर जगमगा उठा। लोगों ने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी की। पटाखों और फुलझड़ियों से देर रात तक आसमान रोशन रहा। सुबह से घरों में चली सजावट, बाजारों में रही भीड़ दीपावली को लेकर सुबह से ही घरों में साफ-सफाई और सजावट का काम शुरू हो गया था। लोगों ने मकानों की धुलाई और रंग-रोगन कराया। बेडशीट, कवर और पर्दे बदले गए। मेहमानों के स्वागत के लिए नए बर्तन निकाले गए। कई घरों में बेसन के लड्डू और नमकीन बनाए गए। लोगों ने नए कपड़े पहनकर पूजा की। कृत्रिम फूलों, दीपकों, मोमबत्तियों और सजावटी सामान से घरों को सजाया गया। सिविल लाइंस रोड, मालवीय रोड, सब्जी मंडी, राघव नगर, न्यू कॉलोनी, भटवलिया चौराहा, देवरिया रामनाथ और सिंधी मिल कॉलोनी में भी घरों और दुकानों पर झालरें लगाई गईं। सुबह से दोपहर तक बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ रही। मोतीलाल रोड, जलकल रोड और सब्जी मंडी रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। मिठाई, सब्जी और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदार जुटे रहे। दुकानों में बहीखातों और तिजोरी का हुआ पूजन दीपावली पर व्यापारियों ने भी दुकानों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। दुकानों को फूलों, दीपकों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। शाम को शुभ मुहूर्त में बहीखातों और तिजोरी का पूजन कर कारोबार में तरक्की और बरकत की कामना की गई। पूजा के बाद कर्मचारियों और ग्राहकों को प्रसाद बांटा गया। मोतीलाल रोड, मालवीय रोड, जलकल रोड और सब्जी मंडी समेत प्रमुख बाजारों में देर शाम तक उत्सव जैसा माहौल रहा। बच्चों ने की आतिशबाजी, पटाखों की आवाज से गूंजे मोहल्ले पूजा के बाद बच्चों में आतिशबाजी को लेकर खास उत्साह दिखा। बच्चों ने अभिभावकों के साथ फुलझड़ी, अनार और रंग-बिरंगे पटाखे जलाए। मोहल्लों और कॉलोनियों में देर रात तक पटाखों की आवाज गूंजती रही। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी बिखरती रही। बच्चों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। लोगों ने घर जाकर और फोन के माध्यम से रिश्तेदारों व परिचितों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और SP अभिजित आर. शंकर समेत अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी बधाई संदेश भेजे गए। व्हाट्सएप और फेसबुक मैसेंजर पर भी शुभकामनाओं का सिलसिला चलता रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)