दीपावली पर मथुरा के बाजार देर रात तक खुले रहे:रोशनी से सजे बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
मथुरा में दीपावली के पर्व पर रविवार रात शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से शुरू हुई खरीदारी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ने से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे। शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और इलेक्ट्रॉनिक झालरों से सजाया गया है। रोशनी से जगमगाते बाजार लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। दीपावली को लेकर शहर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। बाजारों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचे। लोगों ने घरों की सजावट के लिए रंग-बिरंगी झालरें, दीपक, मोमबत्तियां, पूजन सामग्री, मिठाइयां, सजावटी सामान और अन्य जरूरी वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही लगातार बनी रही। कई स्थानों पर दुकानों के बाहर ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। शहर के कृष्णानगर, भूतेश्वर, डीग गेट, भरतपुर गेट, होली गेट, स्टेट बैंक चौराहा और गोवर्धन चौराहा सहित प्रमुख बाजारों को विशेष रूप से सजाया गया है। बाजारों में लगाई गई आकर्षक लाइटिंग और इलेक्ट्रॉनिक झालरों की चमक दूर से ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। चौराहों पर की गई भव्य सजावट ने दीपावली की खुशियों को और बढ़ा दिया है। दुकानदारों के अनुसार दीपावली के अवसर पर खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। शाम होते ही बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी और रात तक रौनक बनी रही। मिठाई, कपड़े, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर विशेष भीड़ देखने को मिली। दीपों के पर्व पर पूरा शहर रोशनी से नहाया नजर आया। बाजारों की जगमगाहट और खरीदारी के उत्साह ने मथुरा में दीपावली की खुशियों को खास बना दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)