देवरिया में कोविडकालीन कर्मचारियों ने समायोजन की मांग उठाई:शासनादेश के बाद भी नियुक्ति नहीं मिलने का आरोप, DM ने दिया आश्वासन
देवरिया में कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज में संविदा, अस्थायी और आउटसोर्स के आधार पर सेवाएं देने वाले कर्मचारियों ने समायोजन की मांग को लेकर गुरुवार को दोपहर एक बजे जिलाधिकारी से मुलाकात की। कर्मचारियों ने शासनादेश जारी होने के बावजूद नियुक्ति नहीं किए जाने का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने सीएमओ और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से बात कर समायोजन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
कर्मचारी अवनीश सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं और अपनी ड्यूटी का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। इसके बावजूद उनके समायोजन या पुनर्नियुक्ति का मामला अब तक स्पष्ट रूप से निस्तारित नहीं हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को पहले भी पत्र और शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अब तक उन्हें दोबारा कार्य करने का अवसर नहीं मिला है।
कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से महामारी के दौरान दी गई सेवाओं और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर उनके प्रकरण पर नियमानुसार विचार करने की मांग की। उन्होंने शासनादेशों एवं विभागीय निर्देशों के अनुरूप समायोजन या पुनर्नियुक्ति का अवसर देने का अनुरोध किया।
कर्मचारियों में स्टाफ नर्स, डाटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ), वेंटिलेटर ऑपरेटर, वार्ड बॉय, चाय बॉय और लैब टेक्नीशियन (एलटी) के पदों पर कार्य कर चुके लोग शामिल हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)