सहारनपुर में बड़ी मस्जिद की मीनार पर गिरी आकाशीय बिजली:मीनार का हिस्सा टूटकर कई फुट दूर गिरा, दर्जनों घरों के इनवर्टर, टीवी, पंखे और लाइटें फूंकी; प्रशासन ने नुकसान का लिया जायजा
सहारनपुर में गंगोह कस्बे के मोहल्ला गुजरान में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी मस्जिद और आसपास के घरों में भारी नुकसान हो गया। बिजली मस्जिद की मीनार पर गिरी। तेज धमाके के साथ मीनार का एक हिस्सा टूटकर कई फुट दूर जा गिरा। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। मस्जिद में लगे इनवर्टर, बिजली चेंजर, लाइट फिटिंग समेत कई उपकरण जल गए। वहीं, मोहल्ले के दर्जनों घरों में भी बिजली के उपकरण फुंक गए। कुछ घरों में छत और बिजली की फिटिंग तक क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे की है। उस समय अधिकतर लोग सो रहे थे। अचानक हुए तेज धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मस्जिद की मीनार का हिस्सा टूटकर दूर गिरने के बाद लोग मौके पर पहुंचे। मस्जिद में हुए नुकसान के साथ आसपास के घरों में बिजली के उपकरण खराब होने की जानकारी भी सामने आई। घटना के बाद प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल रहा। धमाके से नींद खुली, घर में बिजली की फिटिंग में लगी आग मस्जिद के इमाम मुफ्ती फाजिल ने बताया कि सुबह करीब 5:45 बजे आकाशीय बिजली गिरने से मस्जिद को काफी नुकसान पहुंचा। मीनार का हिस्सा टूट गया और मस्जिद में लगे कई विद्युत उपकरण जल गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबरा गए। मस्जिद के पास रहने वाली सरिता देवी ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर में सो रही थीं। अचानक तेज धमाका हुआ तो उनकी नींद खुल गई। घर की बिजली फिटिंग में आग लगने लगी। घबराकर वह अपने दो बच्चों को लेकर बाहर आंगन में आकर खड़ी हो गईं। काफी देर बाद जब वह घर के अंदर गईं तो छत के लेंटर का कुछ हिस्सा उखड़ा हुआ था। घर की लाइटें, छत का पंखा और टीवी भी खराब हो गए थे। सरिता देवी ने बताया कि उन्होंने पहले कभी इस तरह की घटना नहीं देखी थी। अचानक हुए धमाके और घर में हुए नुकसान से वह बुरी तरह घबरा गई थीं। बच्चों को लेकर बाहर निकलने के बाद ही उन्हें कुछ राहत मिली। दर्जनों घरों में बिजली के उपकरण खराब मोहल्ले के सभासद हारून चौधरी ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से केवल मस्जिद ही नहीं, बल्कि आसपास के दर्जनों घरों में भी नुकसान हुआ है। कई घरों के इनवर्टर, टीवी, पंखे, लाइटें और अन्य विद्युत उपकरण फुंक गए। इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने मामले की जानकारी नकुड़ तहसीलदार जस्मिंद्र सिंह को दी और प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन कराने की मांग की। सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेखपालों ने घरों में पहुंचकर किया नुकसान का आकलन तहसील प्रशासन की ओर से लेखपाल सोनू कुमार और समीर कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दोनों लेखपालों ने प्रभावित परिवारों के घरों में जाकर बिजली के खराब हुए उपकरणों और अन्य नुकसान की जानकारी जुटाई। लेखपाल सोनू कुमार ने बताया कि जिन लोगों के विद्युत उपकरण खराब हुए हैं, उनसे बैंक पासबुक की कॉपी ली जा रही है। नुकसान से संबंधित जानकारी एकत्र कर शासन को भेजी जा रही है, ताकि मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से नुकसान का उचित आकलन कराकर प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की मांग की है। इस दौरान सभासद हारून चौधरी के अलावा बासा, लियाकत, बाबू, मेसर, मेहताब, मेहबूब, मेहरबान, इनाम, सरिता देवी, मुस्तकीम, इरफान, मुबारिक, अफसर, अहसान, रामचंद्र, शेरसिंह, ऋषि, ओमपाल, विकास, राजबीर राणा और फारुख सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)