दहेज के लिए विवाहिता की पिटाई, तीन दिन बाद मौत:रायबरेली में 5 लाख रुपए के लिए हत्या का आरोप, लात-घूंसों और डंडों से पीटा
रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट का आरोप लगा है। तीन दिन तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वाले पांच लाख रुपए और मांग रहे थे। शुक्रवार को परिजनों ने शव दरवाजे पर रखकर विरोध जताया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। 2023 में हुई थी शादी सुनीता के भाई अमित कुमार ने बताया कि उनकी बहन की शादी 2023 में खीरों थाना क्षेत्र के सुंदरिया खेड़ा गांव के रहने वाले रामनरेश से हुई थी। अमित हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छोटापूरा मजरे मोहम्मदपुर डिघौरा के रहने वाला है। रामनरेश स्वर्गीय बोदला लाल का बेटा है। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सुनीता को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। उससे पांच लाख रुपए की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। पांच लोगों पर मारपीट का आरोप अमित कुमार के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 को रामनरेश, उसकी मां राजरानी और बहनें पिंकी, मोनिका व ज्योति ने सुनीता को लात-घूंसों और डंडों से पीटा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि रामनरेश सुनीता को गुरबक्शगंज चौराहे पर छोड़कर चला गया। जानकारी मिलने पर उसका भाई अमित मौके पर पहुंचा और उसे अस्पताल ले जाने लगा। इसी दौरान गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के ढकवा के पास सुनीता ने भाई को बताया कि ससुराल में उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई है। इसके बाद उसने दम तोड़ दिया। दरवाजे पर शव रखकर परिजनों ने जताया विरोध 13 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे मायके पक्ष के लोगों ने शव दरवाजे पर रखकर विरोध जताया। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। पहले समझौता कराने का भी आरोप शिकायतकर्ता अमित कुमार का आरोप है कि उसने पहले संबंधित थाने में भी शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने मामले में समझौता करा दिया था। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि अब उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। परिजनों के मुताबिक, मामले में नामजद पिंकी घर से फरार है। हरचंदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)