मेरठ में आज पूर्व सैनिकों के बीच रहेंगे CM योगी:कुलवंत सिंह स्टेडियम में जुटेंगे 3 हजार लोग, चुनाव से पहले बड़े संदेश की तैयारी
सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार, 14 नवंबर को मेरठ दौरे पर रहेंगे। सीएम योगी एक ही दिन पश्चिमी यूपी के तीन जिलों में जाएंगे। पहले हापुड़ में तिगरी मेले की तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद वे मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में पूर्व सैनिकों के पुनर्मिलन समारोह में शामिल होंगे। शाम को सीएम योगी अलीगढ़ में मंत्री संदीप सिंह के सगाई समारोह में जाएंगे। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मेरठ में होने जा रहे इस सैनिक पुनर्मिलन समारोह को बेहद अहम माना जा रहा है। इस समारोह के जरिए सीएम योगी 3 हजार से अधिक सैन्य परिवारों के साथ सीधे संवाद करेंगे। इसका असर आने वाले विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है। अग्निवीर भर्ती, वीर नारियों की समस्याओं और सैनिकों की अन्य परेशानियों पर सीएम बातचीत करेंगे। इस सम्मेलन के बाद सीएम राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर के आवास पर उनके पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने जाएंगे। वीर नारियों को सम्मानित भी करेंगे कुलवंत सिंह स्टेडियम में यह समारोह होगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 हजार पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीदों की विधवाओं से संवाद करेंगे। इस रैली का उद्देश्य उनकी पेंशन, रोजगार और अन्य कल्याणकारी समस्याओं का समाधान करना और उनके बलिदान का सम्मान करना है। समारोह में मेगा वेटरन रैली के तहत वीर नारियां और शहीद सैनिकों की विधवाएं भी पहुंचेंगी। सीएम योगी के इस आयोजन में मध्य कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा की मौजूदगी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। डीएम, एसएसपी ने देखीं तैयारियां पूर्व सैनिक रैली के आयोजन की अंतिम तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सुमित राणा और स्टेशन कमांडर के साथ जिलाधिकारी और एसएसपी ने भी स्थलीय निरीक्षण किया। एक ही छत के नीचे सुलझेंगी पेंशन और बैंकिंग की समस्याएं रैली में पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए पीसीडीए (पेंशन), बैंकों, डीपीडीओ और जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने रखने और उनका समाधान पाने का अवसर मिलेगा। नई पेंशन प्रणाली के तहत स्पर्श पोर्टल पर पंजीकरण और जीवन प्रमाणपत्र जमा करने से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। सेवानिवृत्ति के बाद रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा रैली में पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और रोजगार को लेकर भी विशेष पहल की जाएगी। आरएसबी, एडब्ल्यूपीओ लखनऊ और यूपीपीएसकेएनएल के प्रतिनिधि सेवानिवृत्ति के बाद रोजगार के उपलब्ध अवसरों की जानकारी देंगे। इसके अलावा पूर्व सैनिकों को कैंटीन, चिकित्सा और लैब सुविधाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। बैंकिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)