खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चुराने वाले 6 गिरफ्तार:पिकअप में 960 लीटर डीजल मिला, सहारनपुर और बिहार के रहने वाले हैं आरोपी

Nov 13, 2026 - 13:53
0
खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चुराने वाले 6 गिरफ्तार:पिकअप में 960 लीटर डीजल मिला, सहारनपुर और बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
सहारनपुर में ट्रेनों के इंजन के जनरेटर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का नागल थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 960 लीटर डीजल, तीन खाली कैन और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपियों में तीन सहारनपुर और तीन बिहार के मोतीहारी जिले के रहने वाले हैं। आरोपी नागल रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के जनरेटर से करीब एक लीटर डीजल चोरी करने के बाद उसे कैनों में भरकर पिकअप से ले जा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने चार-पांच दिन पहले पिलखनी में खड़ी ट्रेन के जनरेटर से भी करीब 180 लीटर डीजल चोरी करना कबूल किया है। पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि नागल थाना पुलिस 12 नवंबर को क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रेलवे रोड स्थित पुल के पास पुलिस टीम ने हाईवे की तरफ जा रही एक पिकअप को रुकवाया। गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक की कैन रखी मिलीं। इनमें डीजल भरा हुआ था। पुलिस ने वाहन में सवार लोगों से डीजल के संबंध में बिल और दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने सभी छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अब्दुल्ला को बेचते थे चोरी का डीजल पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी मिलकर खड़ी ट्रेनों के इंजन में लगे जनरेटर से डीजल चोरी करते थे। 12 नवंबर की रात नागल स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के जनरेटर से करीब 1000 लीटर डीजल चोरी किया था। इसके बाद डीजल को कैनों में भरकर पिकअप से ले जा रहे थे। रेलवे पुल के नीचे से हाईवे की तरफ निकलते समय पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किए गए डीजल को अब्दुल्ला पुत्र मोबीन को बेच देते थे। अब्दुल्ला के माध्यम से डीजल बेचने पर उन्हें अच्छा मुनाफा हो जाता था। पुलिस के मुताबिक, गिरोह में शामिल सभी लोग मिलकर इस काम को अंजाम देते थे। डीजल चोरी करने के बाद उसे कैनों में भरकर पिकअप के जरिए ले जाया जाता था। पिलखनी में भी ट्रेन से 180 लीटर डीजल चोरी किया पूछताछ में आरोपियों ने एक और वारदात कबूल की है। उन्होंने बताया कि करीब चार से पांच दिन पहले पिलखनी में खड़ी ट्रेन के इंजन के जनरेटर से करीब 180 लीटर डीजल चोरी किया था। इस तरह गिरोह के सदस्य रेलवे ट्रैक और स्टेशनों पर खड़ी ट्रेनों को निशाना बना रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। 21 कैन में 840 और दो कैन में मिला 120 लीटर डीजल पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें 40-40 लीटर क्षमता वाली 21 कैन और 60-60 लीटर क्षमता वाली दो कैन डीजल से भरी मिलीं। इसके अलावा तीन खाली कैन भी बरामद हुईं। इनमें एक 40 लीटर और दो 60 लीटर क्षमता वाली थीं। पुलिस ने सभी कैनों की जांच की। 21 कैन में 840 लीटर और दो कैन में 120 लीटर डीजल मिला। इस तरह कुल 960 लीटर डीजल बरामद किया गया। वारदात में इस्तेमाल पिकअप का रजिस्ट्रेशन नंबर UP11DT8186 है। पुलिस के मुताबिक, ये वाहन अब्दुल्ला के नाम पर रजिस्टर्ड है। ये छह आरोपी किए गिरफ्तार नागल पुलिस ने जिन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें सहारनपुर के रहने वाले अब्दुल्ला, जुलफान, फरमान, दिलनवाज और बिहार के रहने वाले जोगिंद्र साहनी, अवधेश साहनी को अरेस्ट किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अब्दुल्ला के खिलाफ सरसावा थाने में 2025 में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं फरमान के खिलाफ 2020 और 2026 में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User