दीनदयाल जयंती पर ग्रामोदय पखवाड़े का शुभारंभ:चित्रकूट में 11 अक्टूबर तक होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम
चित्रकूट के दीनदयाल शोध संस्थान में शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती मनाई गई। इस मौके पर संस्थान के अलग-अलग प्रकल्पों और ग्रामीण इलाकों के स्वावलंबन केंद्रों में एकात्म मानवदर्शन का संदेश पहुंचाया गया। साथ ही कई कार्यक्रम भी हुए। जयंती से भारत रत्न नानाजी देशमुख के जन्मदिन 11 अक्टूबर तक चलने वाले 'ग्रामोदय पखवाड़ा' की भी शुरुआत की गई। उद्यमिता परिसर के दीनदयाल पार्क में संस्थान के गुरुकुल संकुल, उद्यमिता विद्यापीठ, सुरेंद्रपाल ग्रामोदय विद्यालय, रामदर्शन, आईटीआई और आरोग्यधाम के कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए। अलग-अलग प्रकल्पों में उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का मंचन भी किया गया। विवेकानंद सभागार में हुए सामूहिक कार्यक्रम में आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक अशोक बेरी, गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक डॉ. रामनारायण त्रिपाठी, महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. भरत मिश्रा और दीनदयाल शोध संस्थान के सह संगठन सचिव अनिल अग्रवाल शामिल रहे। मुख्य अतिथि अशोक बेरी ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय मानते थे कि व्यक्ति परिवार, परिवार समाज, समाज राष्ट्र और राष्ट्र विश्व के बिना अधूरा है। उन्होंने वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में अपने विचार दिए। डॉ. भरत मिश्रा ने बताया कि पं. दीनदयाल के विचार भारतीय चिंतन और राजनीति को नया आयाम देते हैं। नानाजी देशमुख ने उनके अंत्योदय और एकात्म मानवदर्शन को व्यवहार में लाने की कोशिश की। ग्रामोदय पखवाड़े के दौरान गांवों में स्वच्छता, नशामुक्ति, जल संरक्षण और पर्यावरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य व किसान गोष्ठियां और कई प्रतियोगिताएं भी होंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)