दीपावली तक खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच-सैंपलिंग रोकने की मांग:कानपुर में व्यापार संगठन प्रदेश अध्यक्ष बोले- सफाई के नाम पर निलंबित लाइसेंस बहाल हों
कानपुर में दीपावली तक विशेष परिस्थितियों को छोड़कर मिठाई, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच व सैंपलिंग की कार्रवाई रोकने की मांग व्यापारियों ने की है। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के मंडलीय सहायक आयुक्त सुनील शर्मा को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने सफाई और सामान्य कमियों के आधार पर निलंबित किए गए लाइसेंस तत्काल बहाल करने की भी मांग की। प्रदेश अध्यक्ष बोले- ईमानदार व्यापारियों पर कार्रवाई न की जाए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि व्यापारी खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरोधी हैं और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण व स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के पक्षधर हैं, लेकिन खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन के नाम पर ईमानदार व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। दीपावली मिठाई और खाद्य कारोबारियों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक अवसर है। ऐसे समय में सफाई जैसी सामान्य कमियों पर लाइसेंस निलंबित होने से पूरा कारोबार प्रभावित होता है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। जिलाध्यक्ष बोले- निलंबित लाइसेंस बहाल किए जाएं जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे ने कहा कि जिन व्यापारियों के लाइसेंस केवल सफाई या सामान्य कमियों के आधार पर निलंबित किए गए हैं, उन्हें तत्काल बहाल किया जाए। प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता ने मांग की कि दीपावली के बाद विभाग व्यापक जागरूकता अभियान चलाए और व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता व गुणवत्ता के मानकों की जानकारी दे। छोटी-मोटी कमियां मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई के बजाय सुधार का समय और मार्गदर्शन दिया जाए। व्यापारियों ने कानपुर के बाहर के जिलों से आकर स्थानीय प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई किए जाने पर भी रोक लगाने की मांग की। जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता कुक्कू और जिला संयुक्त महामंत्री केके गुप्ता ने कहा कि व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के किचन, बाथरूम और अन्य स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाएंगे और विभाग को सहयोग देंगे। इन मांगों पर मिला आश्वासन ज्ञानेश मिश्रा ने कहा कि मंडलीय सहायक आयुक्त सुनील शर्मा ने आश्वासन दिया कि दीपावली तक विशेष परिस्थितियों को छोड़कर खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच और सैंपलिंग नहीं की जाएगी। सफाई एवं सामान्य कमियों के आधार पर निलंबित किए गए लाइसेंस भी नियमानुसार बहाल किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)