दिव्यांगों ने मंत्री आवास के बाहर धरना दिया:मकान, आर्थिक मदद, पेंशन और कर्ज की मांग; अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बात की

Nov 04, 2026 - 22:42
0
दिव्यांगों ने मंत्री आवास के बाहर धरना दिया:मकान, आर्थिक मदद, पेंशन और कर्ज की मांग; अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बात की
गाजियाबाद में आवास और अधिकारों की मांग को लेकर बुधवार को सैकड़ों दिव्यांगों ने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप के आवास के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन दिव्यांग निराश्रित सेवा समिति के बैनर तले हुआ। इसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें कई साल से मकान देने का आश्वासन मिल रहा है, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वे कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मिल चुके हैं और ज्ञापन भी दे चुके हैं। उनका कहना है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार सुबह प्रदर्शनकारी पहले जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां अपनी बात रखने के बाद वे नरेंद्र कश्यप के आवास पर गए और धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जब वे मंत्री आवास के बाहर दरी बिछाने लगे, तो वहां मौजूद मंत्री के सेवादार ने रैंप पर पानी की बौछार कर दी। इससे उन्हें धरने पर बैठने में परेशानी हुई। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मांगें रख रहे हैं, लेकिन उन्हें बैठने नहीं दिया जा रहा। लोनी से आईं दिव्यांग पिंकी ने बताया कि वह सुबह करीब 8:30 बजे घर से निकली थीं। पहले जिलाधिकारी कार्यालय गईं और फिर मांगों को लेकर मंत्री आवास पहुंचीं। उन्होंने कहा कि कई बार परेशानी बताने के बाद भी समाधान नहीं हुआ। धरने की सूचना पर पुलिस और दिव्यांग कल्याण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने और उनकी समस्याएं सुनने की कोशिश की। समिति के पदाधिकारियों ने मकान के साथ आर्थिक मदद, पेंशन और जरूरत पड़ने पर कर्ज देने की सुविधा की मांग भी की। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि दिव्यांग परिवारों को सम्मान के साथ जीवन जीने के लिए बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है। जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल मौके पर पुलिस और अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शन जारी रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User