ड्रेस के लिए छात्रों को रुपए मिलने का इंतजार:अयोध्या में अभी तक अभिभावकों के खाते में नहीं पहुंचे 1200 रुपए

Oct 24, 2026 - 11:33
0
ड्रेस के लिए छात्रों को रुपए मिलने का इंतजार:अयोध्या में अभी तक अभिभावकों के खाते में नहीं पहुंचे 1200 रुपए
अयोध्या जिले के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को अभी तक मुफ्त स्कूली ड्रेस, जूते-मोजे और बैग खरीदने के लिए मिलने वाली धनराशि का इंतजार है। इनमें ज्यादातर छात्र-छात्राएं एक जुलाई या उसके बाद विद्यालयों में प्रवेश लेने वाले हैं। इनके अभिभावकों के बैंक खातों में अभी तक 1200 रुपये की धनराशि नहीं पहुंची है। कुछ पुराने विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी इस योजना का लाभ नहीं मिल सका है। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को स्कूली ड्रेस, जूते-मोजे और बैग आदि खरीदने के लिए प्रतिवर्ष प्रतिछात्र 1200 रुपये दिए जाते हैं। यह धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इसके लिए अभिभावकों का बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक होना और उसका सत्यापन जरूरी है। सत्यापन पूरा होने के बाद विद्यार्थियों का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जाता है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से धनराशि भेजी जाती है। जिले में इस योजना के तहत 1.57 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं हैं। इनमें से करीब 1.38 लाख विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में 1200-1200 रुपये भेजे जा चुके हैं। हालांकि, नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के साथ ही कुछ पुराने विद्यार्थियों के अभिभावक भी अब तक धनराशि मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इससे अभिभावकों को बच्चों की जरूरत के अनुसार ड्रेस, जूते-मोजे और बैग खरीदने में परेशानी हो रही है। योजना का लाभ समय से नहीं मिलने के कारण उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने शनिवार को बताया कि जिले में अभी करीब 1900 छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खातों में ड्रेस आदि के लिए धनराशि नहीं भेजी गई है। ऐसे विद्यार्थियों का बैच तैयार कर लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि दीपावली से पहले संबंधित अभिभावकों के बैंक खातों में धनराशि भेज दी जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User