एसीएमओ पर 3.50 लाख घूस मांगने के आरोप में जांच:उन्नाव में डीजी हेल्थ ने शासन को पत्र लिखा, पटल सहायक बदले
उन्नाव में सील अस्पताल को नए नाम से दोबारा चलाने के लिए एसीएमओ पर 3.50 लाख रुपये मांगने का आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने जांच के आदेश देकर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। शनिवार को स्वास्थ्य महानिदेशक ने आरोपी डॉक्टर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है। एसीएमओ से नर्सिंगहोम का चार्ज वापस लिया गया है और पटल सहायक भी बदले गए हैं। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा के निर्देश पर सीडीओ कृतिराज के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई गई है। टीम आरोपों और वायरल वीडियो की जांच करेगी। शहर के शेखपुर नरी स्थित उत्तम हॉस्पिटल को जुलाई में एक युवती की हत्या के मामले के बाद सील किया गया था। गुरुवार को दैनिक भास्कर में खबर छपने के बाद सामने आए वीडियो में एसीएमओ अस्पताल का नाम बदलकर पंजीकरण कराने और उसे दोबारा चलाने की बात करते सुनाई देते हैं। इसी वीडियो के आधार पर रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। मामले के बाद डीजी हेल्थ, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण डॉ. पवन कुमार ने सीएमओ डॉ. एके शर्मा को आरोपी एसीएमओ से नर्सिंगहोम का चार्ज वापस लेने के निर्देश दिए थे। विभाग ने चार्ज लेकर उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मनीष मिश्रा को सौंप दिया है। डॉ. पवन कुमार ने बताया कि आरोपी डॉक्टर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग में पटल सहायक की जिम्मेदारी भी बदली गई है। नर्सिंगहोम से जुड़ा पटल पहले अखिल सक्सेना के पास था। अब यह जिम्मेदारी संतोष श्रीवास्तव को दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)