आरोपी का DNA बच्ची से मैच हुआ:बदायूं में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में चार्जशीट दाखिल
बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी अबरार (60) के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी और पीड़िता का डीएनए सैंपल जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा था। लैब से आई रिपोर्ट में दोनों का डीएनए मैच होने की पुष्टि हुई है। इस वैज्ञानिक साक्ष्य को भी विवेचना का पार्ट बनाया गया है। आरोपी बच्ची का रिश्तेदार है और उसे मिर्च पकौड़ी खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। बाद में पुलिस ने उसे मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। घटना 25 जून की रात करीब 8:30 बजे की है। बच्ची घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आधी रात को मामले की जानकारी पर पुलिस ने केस दर्ज किया। बच्ची भी रात में बरामद हो गई। शुरुआत में बच्ची घटना के बारे में कुछ बता नहीं सकी। इसके बाद पुलिस ने उसकी काउंसलिंग कराई। काउंसलिंग के दौरान बच्ची ने जो जानकारी दी, उससे पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि रिश्तेदार अबरार उसे मिर्च पकौड़ी खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकोलीगल परीक्षण कराया था, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई। 27 जून की रात पुलिस ने अबरार को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी थी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी और पीड़िता के डीएनए सैंपल लेकर जांच के लिए एफएसएल भेजे थे। लैब की रिपोर्ट में डीएनए मिलान की पुष्टि हुई है। मामले में अब न्यायिक सुनवाई के दौरान मेडिकल और फॉरेंसिक साक्ष्य भी अहम भूमिका निभाएंगे। थानाध्यक्ष सनी चौधरी ने बताया कि चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)