गाजीपुर में महिलाओं ने निभाई गोधन कूटने की परंपरा:सामूहिक पूजा-अर्चना में भाइयों की लंबी उम्र की कामना की
गाजीपुर में गोवर्धन पूजा के मौके पर सोमवार को महिलाओं ने गोधन कूटने की पारंपरिक रस्म निभाई। सुबह 9 बजे से महिलाओं और युवतियों ने गोबर से गोधन बाबा की आकृति बनानी शुरू की। दोपहर करीब 12 बजे सामूहिक पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान महिलाओं ने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। शहर से गांव तक निभाई गई परंपरा शहर की शायर माता कॉलोनी और पीरनगर में आसपास के मोहल्लों की महिलाएं एकत्र हुईं। उन्होंने गोबर से गोधन बाबा की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा की। इसके अलावा रेवतीपुर के नौली गांव, दिलदारनगर, उसिया, महना, रकसहा, कुसी, भक्सी, बहुआरा और फूली समेत आसपास के गांवों में भी यह परंपरा निभाई गई। कई जगह महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत गाते हुए पूजा की रस्में पूरी कीं। गट्टा, घरीला और चने का चढ़ाया प्रसाद पूजा के दौरान गोधन बाबा को गट्टा, घरीला और चने का प्रसाद चढ़ाया गया। इसके बाद लोक परंपरा के अनुसार महिलाओं ने गीत गाते हुए भटकचाया और गुम्मा से भाइयों को प्रतीकात्मक रूप से श्राप देने की रस्म निभाई। मान्यता है कि इस रस्म के बाद भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। मुसल से गोधन बाबा की आकृति को कूटा अंतिम रस्म में महिलाओं ने गोबर से बनाई गई गोधन बाबा की आकृति को मुसल से कूटा। इसके साथ ही गोधन कूटने की परंपरा पूरी हुई। मान्यता है कि इस परंपरा को निभाने से भाइयों पर आने वाली विपत्तियां दूर होती हैं और उनकी आयु लंबी होती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)