गाजीपुर में नारकोटिक्स ब्यूरो की हिरासत से आरोपी फरार:शौचालय की दीवार फांदकर भागा, मऊ में करोड़ों की ड्रग फैक्ट्री का आरोप था
मऊ में मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री पकड़े जाने के मामले में गिरफ्तार केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की हिरासत से फरार हो गया। शनिवार को गाजीपुर स्थित पीआई सेल कार्यालय के शौचालय जाने के बहाने निकला और पीछे की जर्जर दीवार का फायदा उठाकर भाग गया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर कर्मचारियों को इसकी जानकारी हुई। रविवार को इंस्पेक्टर अब्दुल वहीद की शिकायत पर सदर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। मऊ की औद्योगिक इकाई में मिली थी मेफेड्रोन बनाने की लैब आठ नवंबर को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की नारकोटिक्स ब्यूरो इकाइयों की संयुक्त टीम ने मऊ के ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में छापा मारा था। यहां मेफेड्रोन बनाने की लैब मिली थी। टीम ने मौके से 11.650 किलो तैयार और अलग-अलग चरणों में मौजूद मेफेड्रोन बरामद की थी। इसके अलावा ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाला 20.900 किलो 2-ब्रोमो-4-मिथाइलप्रोपियोफेनोन और 3.500 किलो एसिटिक एनहाइड्राइड भी मिला था। टीम ने करीब 119.860 किलो/लीटर अन्य रसायन, सॉल्वेंट और प्रसंस्करण सामग्री जब्त की थी। फैक्ट्री में औद्योगिक ग्राइंडर, मिक्सर, स्टील टैंक, हीटिंग उपकरण और कांच के रिएक्शन व डिस्टिलेशन उपकरण समेत ड्रग बनाने का पूरा सेटअप मिला था। कार्रवाई के दौरान विवेक गुप्ता और दुर्गा प्रसाद को गिरफ्तार किया गया था। नमूनों की जांच और इन्वेंट्री सत्यापन की प्रक्रिया हुई थी पूरी मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। मादक पदार्थों की बरामदगी और पूरे नेटवर्क की जांच के लिए उन्हें विभागीय अभिरक्षा में रखा गया था। 13 नवंबर को मजिस्ट्रेट के समक्ष एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए के तहत जब्त मादक पदार्थों और रसायनों के नमूने निकालने के साथ इन्वेंट्री सत्यापन की कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई गई थी। इसके बाद दोनों को गाजीपुर स्थित पीआई सेल, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय परिसर में रखा गया था। शौचालय जाने की बात कहकर निकला, काफी देर तक नहीं लौटा निरीक्षक अब्दुल वहीद के मुताबिक, 14 नवंबर को वह मादक पदार्थों के नमूने रासायनिक विश्लेषण के लिए सरकारी अफीम एवं क्षारोद कारखाना गाजीपुर ले जाने की प्रक्रिया में लगे थे। इसी दौरान दरोगा संदीप कुमार ने फोन कर बताया कि विवेक गुप्ता ने शौचालय जाने की इच्छा जताई है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तलाशी लेने के बाद उसे शौचालय भेजा गया। काफी देर तक अंदर से कोई आहट नहीं आने पर दरोगा को संदेह हुआ। आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद शौचालय का दरवाजा खोलकर देखा तो विवेक वहां नहीं था। जांच में पता चला कि उसने कार्यालय की पुरानी इमारत के शौचालय के पिछले हिस्से की जर्जर संरचना का फायदा उठाकर भागने का रास्ता बनाया था। डिप्टी डायरेक्टर ने दी सूचना, पुलिस के साथ तलाश अभियान चलाया तहरीर के मुताबिक, विवेक के गायब होने पर दरोगा संदीप कुमार ने उपनिदेशक को जानकारी दी। इसके बाद उपनिदेशक ने निरीक्षक अब्दुल वहीद को फोन कर घटना से अवगत कराया। निरीक्षक ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। विभागीय कर्मचारियों ने स्थानीय पुलिस की मदद से संभावित ठिकानों पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। आरोपी की तलाश में जुटी टीमें विवेक गुप्ता पिता ओमप्रकाश गुप्ता, अत्साठ बाजार, अतरौलिया, आजमगढ़ का निवासी है। वहीं, इस मामले में गिरफ्तार दूसरा आरोपी दुर्गा प्रसाद पुत्र केवल चंद बीकानेर, राजस्थान का रहने वाला है। निरीक्षक अब्दुल वहीद की तहरीर पर रविवार 15 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे सदर कोतवाली में विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। अब पुलिस और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)