लखनऊ के पुरानी कोठी में सजा कोसल लिटरेचर फेस्टिवल:कव्वाली, अवधी जायके और साहित्यिक संवाद से सजी शाम
लखनऊ के मलिहाबाद स्थित कोठी मॉल में रविवार को कोसल लिटरेचर फेस्टिवल (KoLiF) के पांचवें संस्करण का आयोजन किया गया। सौ साल से अधिक पुरानी विरासती कोठी में आयोजित कार्यक्रम में पुरानी हवेली की मेहराबें, अवधी जायके और अली ब्रदर्स की कव्वाली आकर्षण का केंद्र रहे। महोत्सव की थीम ‘रेडिस्कवरिंग ह्यूमैनिटी थ्रू रेडिस्कवरिंग हेरिटेज’ रखी गई। इसका मुख्य आयोजन 27 से 30 नवंबर तक लखनऊ म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट (LMHA), घंटाघर, हुसैनाबाद में होगा। सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना उद्देश्य महोत्सव के संस्थापक प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि लखनऊ अनेक भाषाओं, स्वादों, संगीत और कला का शहर है। KoLiF का उद्देश्य इन सभी आवाजों को मंच देना और लोगों को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना है। मेंटर निशी पांडेय ने साहित्य को समावेशी अभिव्यक्ति बताते हुए शिल्पकारों को मंच देने की जरूरत बताई। उनके मुताबिक, शिल्प संस्कृति को पीढ़ियों तक पहुंचाता है। अजय जैन ने कहा कि ऐसे आयोजन भाषा और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नए कवियों और कलाकारों को अवसर देते हैं। साहित्य से सिनेमा और राजनीति तक चर्चा चार दिवसीय महोत्सव में साहित्य, इतिहास, सिनेमा, रंगमंच, पत्रकारिता, राजनीति, भोजन, वास्तुकला और प्रकृति पर संवाद होंगे। इसमें पुरुषोत्तम अग्रवाल, नीरा चंडोक, अनिरुद्ध कनिसेट्टी, अनुष्का जैन, पद्मश्री भावना सोमाया, आहना कुमरा, नवनीत सहगल, आलोक रंजन, रुही तिवारी और तबीनाह अंजुम सहित कई वक्ता शामिल होंगे। कबीर-गांधी के विचार, बेगमों का इतिहास, लखनऊ की रसोई, महिला मतदाता, उर्दू कहानी और शहर की वास्तुकला पर सत्र होंगे। डिजिटल संस्कृति, GenAI, रोजमर्रा का नारीवाद और लोकभाषाओं के पुनर्जीवन पर भी चर्चा होगी। कव्वाली और अवधी भोज ने बांधा समां आयोजन में लेखक संवाद, पुस्तक हस्ताक्षर, हिंदी-उर्दू कविता, मुशायरा, सूफी संगीत, विरासत सैर और अवधी व्यंजन शामिल होंगे। कोसल हाट में किताबों, ब्लॉक प्रिंटिंग और स्थानीय शिल्प का बाजार भी लगेगा। कोठी मॉल में आयोजित उद्घाटन समारोह में अवधी भोज के बाद अली ब्रदर्स की कव्वाली ने समां बांध दिया। 2022 में हुई थी शुरुआत 2022 में शुरू हुआ KoLiF उत्तर भारत के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है। आयोजन कोसल आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और परस्पेक्टिव कल्चरल फाउंडेशन कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)