गाजियाबाद जेल में आज आजम से मिलेंगे शिवपाल यादव:1 नवंबर को ईडी की PMLA कोर्ट ने आजम को भेजा था डासना जेल
सपा नेता आजम खान से मुलाकात करने पूर्व मंत्री शिवपाल यादव भी गाजियाबाद पहुंचेंगे। शिवपाल यादव सुबह साढ़े 9 बजे यूपी भवन नई दिल्ली से गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे। जहां वह 10 बजकर 30 मिनट पर गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचेंगे। बताया जा रहा है वह जेल अधिकारियों से मिलने के बाद आजम खांन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 12 बजे जेल से निकलेंगे। पहली बार डासना जेल में हैं आजम खांन सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खांन पहली बार गाजियाबाद की डासना जेल में हैं। इससे पहले वह रामपुर जेल में लंबे समय रह चुके हैं। शिवपाल यादव के साथ जेल के गेट पर अन्य समर्थक भी पहुंच सकते हैं। गाजियाबाद पुलिस प्रशासन शिवपाल यादव के कार्यक्रम को लेकर अलर्ट है। जहां जेल के बाहर मसूरी पुलिस के अलावा लोकल इंटेलीजेंस भी अलर्ट रहेगी। 5 दिन पहले आजम की पत्नी ने उठाए सवाल आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा 5 दिन पहले शुक्रवार को गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचीं। यहां उन्होंने करीब एक घंटे तक वरिष्ठ जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा से बातचीत की। इसके बाद उनकी आजम खान से मुलाकात कराई गई। मुलाकात के बाद तंजीन फातिमा ने कहा, “जो असली हालात हैं, वे ठीक नहीं हैं। न बिस्तर है और न ही पलंग। मैंने आजम से जाली में रहकर बात की।” तंजीन फातिमा के साथ उनके बड़े बेटे अदीब आजम और मुंहबोली बेटी एकता कौशिक भी मौजूद रहीं। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य और समर्थक जेल के बाहर ही रहे। बोलीं- आजम खान को गंदगी में रखा गया दोपहर करीब 12 बजे तंजीन फातिमा जेल पहुंचीं। जेल में आजम के हालात पर तंजीन ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा- जो व्यक्ति 10 बार विधायक रह चुका है। राज्यसभा और लोकसभा का सांसद रहा है, उसे जेल में गंदगी के बीच रखा गया है। मैं खुद भी राज्यसभा सांसद रह चुकी हूं। तंजीन फातिमा ने कहा कि आजम खान को इस तरह रखा गया है, जैसे वह कहीं भाग जाएंगे। कातिल तो खुलेआम घूमता है, लेकिन आजम साहब के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। हमने कोर्ट को बता दिया है कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। उन्हें स्ट्रोक पड़ चुका है। उनकी सभी मेडिकल रिपोर्ट भी कोर्ट में जमा कर चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें जेल में ऐसे हालात में रखा जा रहा है। जेल से निकलते ही ईडी ने गिरफ्तार किया इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 29 अक्टूबर को फर्जी पैन कार्ड मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की 10 साल की सजा निलंबित कर जमानत दी थी। 31 अक्टूबर को दोनों रामपुर जेल से रिहा हुए थे। हालांकि, जेल से बाहर आते ही ED ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला आजम घर चले गए। ED आजम खान को सीधे दिल्ली स्थित अपने हेड ऑफिस ले गई। वहां उनसे जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन के कथित इस्तेमाल को लेकर 50 से ज्यादा सवाल पूछे गए। कोर्ट के आदेश पर डासना जेल भेजे गए 1 नवंबर को ED ने आजम खान को गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया। कोर्ट में पेशी के दौरान जब आजम खान ने कार की खिड़की खोली तो मीडिया ने उनसे पूछा- कुछ बोलेंगे नहीं? इस पर उन्होंने जवाब दिया, "क्या रह गया है बोलने को।" ED की यह कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)