इटावा जेल में 75 साल के विचाराधीन बंदी की मौत:डायबिटीज, बीपी और किडनी की बीमारी से थे पीड़ित
इटावा जिला जेल में बंद 75 वर्षीय विचाराधीन बंदी प्रेम नारायण की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह लंबे समय से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान शाम 6:14 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। औरैया के रहने वाले थे प्रेम नारायण प्रेम नारायण पुत्र स्वर्गीय रामनाथ औरैया जिले के रड़ौली गांव के रहने वाले थे। वह थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी थे। औरैया जिले के एक मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत उन्हें जेल भेजा गया था। 19 जुलाई 2026 को मजिस्ट्रेट के आदेश पर जिला जेल में दाखिल कराया गया था। उनका मामला जिला एवं सत्र न्यायाधीश औरैया की अदालत में विचाराधीन था। जेल में भर्ती होते समय पैरों में थी सूजन जेल प्रशासन के मुताबिक, जेल में दाखिले के समय प्रेम नारायण के दोनों पैरों में सूजन थी। इसके बाद 27 जुलाई को जिला अस्पताल इटावा में उनका इलाज कराया गया। 30 जुलाई को जेल चिकित्सक की सलाह पर उन्हें जांच और उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया। वहां 2 अगस्त तक भर्ती रखकर इलाज किया गया। इसके बाद 10 अगस्त को दोबारा जांच के लिए सैफई भेजा गया, जहां 13 अगस्त तक उनका उपचार चला। लखनऊ के SGPGI में भी कराया गया इलाज 14 अगस्त से 25 अगस्त तक प्रेम नारायण को लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया। यहां हुई जांच में उन्हें टी-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और क्रोनिक किडनी डिजीज होने की पुष्टि हुई। इलाज के बाद उन्हें वापस जिला जेल भेज दिया गया। अक्टूबर में भी कई बार अस्पताल भेजा गया 15 अक्टूबर को विशेष उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल इटावा भेजा गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया। वहां 20 अक्टूबर तक भर्ती रखकर इलाज किया गया। 21 अक्टूबर को उन्हें जेल वापस भेज दिया गया। इसके बाद 31 अक्टूबर को फिर जिला अस्पताल में उनकी जांच और विशेष उपचार कराया गया। 11 नवंबर को बिगड़ी तबीयत, सैफई में मौत जेल प्रशासन के अनुसार, 11 नवंबर को जेल चिकित्सक की सलाह पर प्रेम नारायण को जेल गार्ड की अभिरक्षा में जिला अस्पताल इटावा भेजा गया था। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया। इलाज के दौरान बुधवार शाम 6:14 बजे उनकी मौत हो गई। जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि बंदी की तबीयत खराब होने के बाद लगातार चिकित्सकीय जांच और इलाज कराया जा रहा था। जरूरत के अनुसार उन्हें जिला अस्पताल, सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी और एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा गया था। बुधवार को सैफई में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)