मिर्जापुर में भरत मिलाप पर निकली भव्य शोभायात्रा:राम के रथ को रस्सियों से खींचते निकले श्रद्धालु, नारघाट से शुरू हुआ नगर भ्रमण; ऊंटों का जत्था रहा आकर्षण
मिर्जापुर में श्री तिवरानी टोला भरत मिलाप कमेटी के तत्वावधान में कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की एकादशी पर परंपरागत भरत मिलाप का आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता, चारों भाइयों और भक्त हनुमान की मनोहारी झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक उल्लास और भक्ति के माहौल में यात्रा देखने के लिए नगर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा का शुभारंभ नारघाट से हुआ, जहां से भगवान श्रीराम का रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु रस्सियों से रथ खींचते हुए आगे बढ़ रहे थे। सबसे आगे ऊंटों का जत्था चल रहा था, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। देखें शोभायात्रा की तस्वीरें… त्रिमोहानी से बाजारों और घाटों होते हुए निकली शोभायात्रा शोभायात्रा में ऊंटों के पीछे आकर्षक धार्मिक झांकियां और डीजे की धुन पर प्रस्तुतियां चल रही थीं। यात्रा त्रिमोहानी से पुरानी बजाजी, सुंदरघाट, ओलियरघाट, वासलीगंज, घंटाघर, कोतवाली रोड, बसनई बाजार और पसरहट्टा होते हुए पुनः त्रिमोहानी पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। डीजे की धुन पर सजीव और मनोहारी झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। आधी रात के बाद तक सड़कों पर डटे रहे श्रद्धालु भरत मिलाप की धार्मिक परंपरा और भव्यता का उत्साह ऐसा रहा कि आधी रात के बाद तक श्रद्धालुओं का हुजूम सड़कों पर डटा रहा। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी देर रात तक इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन के साक्षी बने। कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण दुबे अपनी टीम के साथ शोभायात्रा की व्यवस्था में लगे रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)