गणेश विसर्जन यात्रा में बमबाजी करने वाले 4 आरोपी अरेस्ट:बारिश में जुड़वा भाइयों समेत बदमाशों का निकाला एक Km लंबा जुलूस

Sep 25, 2026 - 17:45
0
गणेश विसर्जन यात्रा में बमबाजी करने वाले 4 आरोपी अरेस्ट:बारिश में जुड़वा भाइयों समेत बदमाशों का निकाला एक Km लंबा जुलूस
गुजैनी पुलिस ने फत्तेपुर गांव में गुरुवार को गणेश विसर्जन यात्रा पर हुए हमले में जुड़वा भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हनुमंत विहार के गल्ला मंडी निवासी शोभित सिंह, अर्रा गांव निवासी राहुल भदौरिया और फत्तेपुर दक्षिण निवासी जुड़वा भाई धनराज सिंह भदौरिया व जुगराज सिंह भदौरिया शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों का बारिश के बीच एक किलोमीटर लंबा जुलूस निकाला। पुलिस ने मामले में हवाई फायरिंग और बम फेंके जाने की बात से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार विसर्जन यात्रा के दौरान पटाखे छुड़ाए जा रहे थे। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि हनुमंत विहार के केडीए कालोनी गल्ला मंडी निवासी अर्पित शुक्ला अपने साथियों के साथ सेन पश्चिम पारा स्थित बिधनू नहर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। पांडु नदी पुल पार करने के बाद फत्तेपुर गांव के पास आरोपियों ने अपने करीब तीन दर्जन साथियों के साथ यात्रा को रोककर हमला कर दिया। इस दौरान केडीए कालोनी निवासी अंश शर्मा उर्फ सुदामा पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। अविरल दुबे, मयंक और एक महिला भी घायल हुईं। सभी घायलों को निहारिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हमले की वजह पुरानी रंजिश है। नवंबर 2025 में अर्पित का हनुमंत विहार निवासी शोभित सिंह राना उर्फ शोभित ठाकुर से विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी पक्ष ने दो बार अर्पित के साथ मारपीट की थी। इस संबंध में हनुमंत विहार थाने में मुकदमा भी दर्ज है। आरोपी पक्ष लगातार अर्पित पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर गुरुवार को विसर्जन यात्रा के दौरान हमला किया गया। घायल अंश की बहन आकांक्षा शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने शोभित सिंह, राहुल भदौरिया, नितिन सिंह, बलवान सिंह के बेटे शिवा सिंह और जंगी समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। डीसीपी साउथ ने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में इंजीनियरिंग, बीएससी और इंटर के छात्र हैं, जिनके खिलाफ पहले से तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ ही हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User