करंट से तड़प रही बहन को बचाने दौड़ा भाई, मौके पर ही मौत

उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक दर्दनाक हादसे में स्ट्रीट लाइट के पोल में उतरे करंट से अपनी बहन को बचाने गए भाई की मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से झुलसकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

करंट से तड़प रही बहन को बचाने दौड़ा भाई, मौके पर ही मौत

दि राइजिंग न्यूज़ | गोंडा | 1 जुलाई 2026

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां स्ट्रीट लाइट के पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से झुलसकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों बारिश से बचने के लिए कॉलेज के बाहर शरण लेने की कोशिश कर रहे थे।

परीक्षा देने आई बहन के साथ हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के भग्गड़वा निवासी विमल अपनी बहन प्राची को बीएड की अंतिम परीक्षा दिलाने गोंडा के लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज लेकर आए थे। सुबह के समय अचानक तेज बारिश शुरू होने पर दोनों कॉलेज गेट के सामने स्थित नगरपालिका के वेंडिंग जोन के पास शरण लेने लगे।इसी दौरान पास में लगे स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में सबसे पहले प्राची आ गई।

बहन को बचाने में भाई ने गंवाई जान

बहन को करंट लगते देख भाई विमल ने बिना देर किए उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया और बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

अस्पताल में बहन की हालत गंभीर

दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विमल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्राची को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।प्राची सरयू डिग्री कॉलेज की छात्रा है और उसका परीक्षा केंद्र एलबीएस डिग्री कॉलेज में था, जहां वह परीक्षा देने आई थी।

प्रशासन की जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी है।सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज गेट के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट कैसे उतरा और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई है।

इलाके में शोक का माहौल

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली व्यवस्था की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।