गोरखपुर में 1000 पुरुषों पर बढ़ीं 6 महिला मतदाता:SSR की ड्राफ्ट सूची प्रकाशित; 7 महीने में बढ़े 34165 वोटर
जिले में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027 शुरू हो चुका है। मंगलवार को इसकी ड्राफ्ट सूची प्रकाशित की गई। पिछले 7 महीनों में यानी SIR की अंतिम सूची प्रकाशित होने की तिथि से अब तक जिले में 34 हजार 165 मतदाता बढ़ गए हैं। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले लगभग दोगुनी है। पुरुष मतदाताओं की संख्या में 12 हजार 220 का इजाफा हुआ है वहीं बढ़ी महिला मतदाताओं की संख्या 21 हजार 952 है। जेंडर रेशियो की बात करें तो यह 831 से बढ़कर 837 हो चुका है। यानी प्रति 1000 पुरुषों पर 6 महिला मतदाता बढ़ गई हैं। महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए लगातार चलाए गए अभियान के बाद जेंडर रेशियो में यह सुधार नजर आ रहा है। SIR के तहत 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम सूची में गोरखपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 32 लाख 61 हजार 138 थी। 17 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर 32 लाख 95 हजार 303 हो गई है। पहले पुरुष मतदाताओं की संख्या 17 लाख 81 हजार 95 थी, यह अब 17 लाख 93 हजार 315 हो गई है। इसी तरह महिला मतदाताओं की संख्या पहले 14 लाख 79 हजार 852 थी जो अब बढ़कर 15 लाख 1 हजार 804 हो गई है। थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या कम हुई है। पहले जहां 191 थर्ड जेंडर के मतदाता था, वहीं उनकी संख्या अब 184 रह गई है। जनसंख्या के अनुपात में मतदाताओं की संख्या भी बढ़ी है ड्राफ्ट सूची और 7 महीने पहले जारी अंतिम सूची के आंकड़ों की तुलना करें तो यह बात नजर आती है कि मताधिकार से वंचित रहे लोगों को भी मतदाता बनाया गया है। पहले कुल आबादी के मुकाबले जहां 59.90 प्रतिशत लोग ही मतदाता थ, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 60.53 हो गई है। पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं यानी 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या कम हुई है। पहले 1.30 प्रतिशत ऐसे मतदाता थे, अब 0.85 प्रतिशत ही रह गए हैं। 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि SSR के तहत लोग मतदाता सूची में अपना नाम 16 दिसंबर तक जुड़वा सकते हैं। जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष के हो रहे होंगे, वे भी फार्म 6 भरकर मतदाता बन सकेंगे। 17 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच ड्राफ्ट सूची पर आपत्ति कर सकते हैं और सुझाव भी दे सकते हैं। 28 दिसंबर को दावे एवं आपत्तियों की निस्तारण किया जाएगा। 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। 100 साल से अधिक उम्र के हैं 368 मतदाता
जिले की मतदाता सूची में 368 ऐसे मतदाता हैं, जिनकी उम्र 100 साल से अधिक है। जबकि 64 हजार 195 ऐसे मतदाता हैं, जिन्होंने 80 साल की उम्र पूरी कर ली है। जिले में 8367 सर्विस मतदाता हैं। इनमें महिलाओं की संख्या 303 है। विशिष्ट दिव्यांग मतदाता 27 हजार 914 है। 18 से 19 साल के 27 हजार 916 मतदाता हैं। मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए लगाए गए 4000 बीएलओ मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए 4000 बीएलओ को तैनात किया गया है। इनके माध्यम से मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी और उनका निस्तारण किया जाएगा। 4 दिन विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि 21, 22, 28 व 29 नवंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ऐसे देखें मतदाता सूची में अपना नाम
जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि लोग कई तरह से मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। बूथ पर उपलब्ध ड्राफ्ट सूची से नाम देख सकते हैं। बीएलओ से संपर्क करके भी अपना नाम देखा जा सकता है। घर बैठे ECINET एप के माध्यम से मतदाता सूची में नाम देख सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर अपना नाम देख सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है तो वे फार्म 6 भरकर जुड़वा सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर चेक कर लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)