AMUWCSU ने संभाली कमान, शपथ ग्रहण में गूंजे मुद्दे:‘Who are you?’ के सवाल पर छात्राओं का जवाब- ‘I am the Vice President’
जछात्राएं जब अपनी समस्याएं लेकर प्रशासन के पास जाती थीं तो उनसे सवाल होता था- ‘Who are you?’ अब वीमेंस कॉलेज की एक हजार छात्राओं ने अपने वोट से इस सवाल का जवाब दे दिया है- ‘I am the Vice President of Women's College Students' Union.’ एएमयू के वीमेंस कॉलेज में मंगलवार को छात्रसंघ के शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने इसी अंदाज में छात्राओं की आवाज बुलंद की। मंच से किसी ने छात्रसंघ को प्रशासन की मेहरबानी नहीं, छात्राओं का अधिकार बताया तो किसी ने मौलाना आजाद लाइब्रेरी में प्रवेश और बराबर संसाधनों की मांग उठाई। अध्यक्ष ने खोखले वादों के बजाय काम से जवाब देने का संकल्प लिया तो सचिव ने वीमेंस कॉलेज को उसका वाजिब बजट और हिस्सा देने की बात कही। समारोह में एएमयू की परंपराओं और गरिमामय माहौल के बीच नई टीम ने छात्राओं के मुद्दों को अपना एजेंडा बनाया। शेरवानी-पोशी की परंपरा के बीच नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित समारोह में कुलपति प्रो. नईमा खातून ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सौंपी। एएमयू की पारंपरिक शेरवानी-पोशी की रस्म और गरिमामय माहौल के बीच छात्रसंघ की नई टीम ने छात्राओं के प्रति अपनी जवाबदेही का संकल्प लिया। अध्यक्ष अनम रियाज, उपाध्यक्ष आयशा खान और मानद सचिव मरियम जान ने अपने संबोधनों में स्पष्ट किया कि छात्रसंघ का उद्देश्य केवल प्रतिनिधित्व करना नहीं, बल्कि छात्राओं की रोजमर्रा की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना भी होगा। अध्यक्ष बोलीं- ऐसे वादे नहीं करूंगी, जो पूरे न कर सकूं अध्यक्ष अनम रियाज ने कहा कि उनके लिए यह दिन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि शुक्रगुजारी और सबसे बड़ी जिम्मेदारी का दिन है। छात्रसंघ का जनादेश केवल पदाधिकारियों की जीत नहीं, बल्कि उन हजारों छात्राओं की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व है, जो बेहतर भविष्य का सपना देखती हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान छात्राओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं समझने की कोशिश की तो महसूस हुआ कि कॉलेज में कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन्हें गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह मंच से ऐसे वादे नहीं करना चाहतीं, जिन्हें पूरा न कर सकें। उनकी बातों का असर काम में दिखाई देना चाहिए। छात्राओं की शिकायतों के लिए एक प्रभावी और जवाबदेह व्यवस्था बनाना प्राथमिकता होगी, जहां वे अपनी बात रख सकें और उन्हें समाधान की उम्मीद हो। उन्होंने कहा कि वादे पूरे न हों तो भरोसा टूटता है, लेकिन उम्मीद पर ही दुनिया कायम है। उम्मीद है कि अब खोखले वादे अमल के समंदर में बदलेंगे और छात्राओं को अपने हक के लिए बार-बार संघर्ष नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने लाइब्रेरी की सुविधा, शिक्षकों की उपलब्धता, इंटर्नशिप, प्रशिक्षण और शैक्षिक यात्राओं को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया। छात्रसंघ प्रशासन की मेहरबानी नहीं, छात्राओं का अधिकार उपाध्यक्ष आयशा खान ने अपने संबोधन में छात्रसंघ की लोकतांत्रिक ताकत और छात्राओं के अधिकारों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ प्रशासन की कोई मेहरबानी नहीं है, यह छात्राओं का हक है। उन्होंने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब छात्राएं अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों के पास जाती थीं तो अक्सर उनसे पूछा जाता था- ‘Who are you?’ लेकिन नवंबर में वीमेंस कॉलेज की एक हजार छात्राओं ने अपने वोट से इसका जवाब दे दिया। अब छात्राएं कह सकती हैं कि वे अपने छात्रसंघ की निर्वाचित प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं को मौलाना आजाद लाइब्रेरी में जाकर पढ़ने और वीमेंस कॉलेज के लाइब्रेरी कार्ड के आधार पर वहां सुविधा पाने का अधिकार मिलना चाहिए। मुख्य कैंपस की लाइब्रेरी तक पहुंच छात्राओं के लिए समान शैक्षणिक अवसरों का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कैंपस में कई समस्याएं वर्षों से बनी हुई हैं। जब छात्र अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखते हैं तो समाधान के बजाय कई बार एफआईआर और निलंबन जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को छात्राओं को केवल अटेंडेंस नंबर, एडमिशन नंबर और रिकॉर्ड के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि उनकी समस्याओं और अधिकारों को भी गंभीरता से समझना चाहिए। सचिव ने उठाया बजट में वीमेंस कॉलेज के हिस्से का मुद्दा मानद सचिव मरियम जान ने छात्राओं की शिकायतों के प्रभावी निस्तारण, डे-स्कॉलर्स की भागीदारी और नेतृत्व के अवसरों को अपनी प्राथमिकताओं में रखा। उन्होंने कहा कि छात्राओं को शैक्षणिक गतिविधियों और जरूरी सूचनाओं की जानकारी समय से मिलनी चाहिए। एक ऐसी व्यवस्था बने, जिसमें छात्राओं की शिकायतों को सुना जाए और उनका समाधान भी हो। उन्होंने वीमेंस कॉलेज को बजट में उचित हिस्सा दिए जाने का मुद्दा उठाया। कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय हो या कोई अन्य केंद्रीय अथवा सरकारी संस्थान, सभी के सामने फंडिंग की अपनी सीमाएं होती हैं। इसके बावजूद वीमेंस कॉलेज को उसका जायज हिस्सा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉलेज की छात्राओं की समस्याएं उनकी अपनी समस्याएं भी हैं और संसाधनों के मामले में संस्थान के साथ न्याय होना जरूरी है। वीसी ने कहा- छात्राएं हॉल और फूड कमेटियों में भी लें भागीदारी कुलपति प्रो. नईमा खातून ने अपने संबोधन में वीमेंस कॉलेज से अपने पुराने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज से उनका रिश्ता छात्रा, शिक्षिका और प्रिंसिपल के रूप में रहा है। इसलिए वह यहां की छात्राओं की उपलब्धियों, संघर्ष और क्षमताओं को करीब से जानती हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए प्रशासन के साथ मिलकर काम करने की सलाह दी। कुलपति ने कहा कि छात्रसंघ के प्रतिनिधि हॉल और फूड कमेटियों में भी सक्रिय भागीदारी करें, ताकि हॉस्टल की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और छात्राओं की दूसरी सुविधाओं को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका हो। उन्होंने समय से शिक्षकों की व्यवस्था, लाइब्रेरी के संसाधनों को मजबूत करने और छात्र कल्याण से जुड़े मुद्दों पर समन्वित प्रयास करने की जरूरत बताई। महिला छात्राओं के आवास की समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित 500 बेड के हॉल ऑफ रेजिडेंस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सम्मानजनक और स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन तथा बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलना चाहिए। प्रशासन छात्राओं की जायज समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और सहयोग के रास्ते पर काम करेगा। छात्रसंघ और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल से ही सुविधाओं में सुधार संभव है। प्रिंसिपल ने कहा- छात्राओं के भरोसे पर खरा उतरें पदाधिकारी वीमेंस कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. शगुफ्ता इम्तियाज ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे छात्राओं के विश्वास और उम्मीदों पर खरा उतरें। नेतृत्व का अर्थ केवल पद हासिल करना नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलना, अनुशासन बनाए रखना और सेवा की भावना से काम करना है। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई, अकादमिक गतिविधियों, व्यापक अध्ययन और लाइब्रेरी के अधिकतम उपयोग के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए रचनात्मक संवाद को जरूरी बताया। हारने वाले प्रत्याशियों ने भी दिया साथ चलने का संदेश समारोह में विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने वाले उपविजेता प्रत्याशियों ने भी संबोधित किया। उन्होंने निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी और कहा कि चुनाव के नतीजे अपनी जगह हैं, लेकिन कॉलेज की तरक्की और छात्राओं के हित सभी की साझा जिम्मेदारी हैं। उन्होंने कॉलेज के विकास में सहयोग जारी रखने का भरोसा दिया। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. नाजिया हसन ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि डॉ. फौजिया फरीदी ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह में रजिस्ट्रार प्रो. आसिम जफर, प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नफीस अहमद खान, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. मोहम्मद अथर अंसारी, अब्दुल्ला हॉल की प्रोवोस्ट प्रो. नसीरीन, वरिष्ठ शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)