सहारनपुर पंजाबी एकता समिति ने ट्रैफिक सुधार के सुझाव दिए:महापौर को सौंपे ज्ञापन में फ्लाईओवर, बाएं मोड़ पर रास्ते और ई-रिक्शा व्यवस्था की मांग

Nov 17, 2026 - 18:30
0
सहारनपुर पंजाबी एकता समिति ने ट्रैफिक सुधार के सुझाव दिए:महापौर को सौंपे ज्ञापन में फ्लाईओवर, बाएं मोड़ पर रास्ते और ई-रिक्शा व्यवस्था की मांग
सहारनपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पंजाबी एकता समिति ने मंगलवार को महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह को तीन सुझाव दिए। समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। समिति ने कल्पना के पुल से देहरादून चौक होते हुए जिला अस्पताल तक फ्लाईओवर बनाने, चौराहों पर बाएं मुड़ने वाले वाहनों को रास्ता देने और ई-रिक्शा का संचालन व्यवस्थित करने की मांग की। समिति के अध्यक्ष एमपी सिंह चावला ने महापौर को फोन पर शहर की ट्रैफिक समस्या बताई। महापौर गोपाष्टमी के कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण प्रतिनिधिमंडल से कार्यालय में नहीं मिल सके। इसके बाद पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा। समिति के मुताबिक, दिन में बाजारों, मुख्य मार्गों, चौराहों और तिराहों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। इससे जाम लगता है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देर होती है। मरीजों को अस्पताल ले जाने में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। जाम के कारण जरूरी सेवाओं पर भी असर पड़ता है। समिति ने कल्पना के पुल से देहरादून चौक तक फ्लाईओवर बनाने का सुझाव दिया। इसका एक हिस्सा देहरादून रोड पर जनकपुरी चौक से आगे उतारने और दूसरा बाजोरिया रोड पार कर जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी गेट के आसपास तक ले जाने की मांग की गई। समिति का कहना है कि इससे प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा। समिति ने सभी चौराहों और तिराहों पर बाएं मुड़ने वाले वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने की मांग भी की। उसका कहना है कि यह व्यवस्था सख्ती से लागू हो, ताकि वाहन चालकों को इंतजार न करना पड़े। ई-रिक्शा को एक के पीछे एक कतार में चलाने और इधर-उधर से निकलने पर रोक लगाने का सुझाव भी दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि इन व्यवस्थाओं को लागू करने के लिए नगर निगम संबंधित विभागों के साथ तालमेल करे। ज्ञापन देने वालों में महामंत्री राजीव फूटेला, कोषाध्यक्ष अरुण अरोड़ा, युवा संयोजक सन्नी परुथी, बलजीत सिंह, अमित सोनी, अनिल, प्रदीप भंडारी और दीपक अरोड़ा शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User