गोरखपुर में हाथी की जान लेने वाला ट्रक बरामद:CCTV से हुई गाड़ी की पहचान; दूध की डिलीवरी कर बाघागाड़ा में छोड़ भागा चालक
गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में बारात से लौट रहे हाथी को टक्कर मारकर उसकी जान लेने वाले ट्रक की पहचान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से कर ली है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया था। आरोप है कि वह दूध की डिलीवरी करने के बाद ट्रक को बाघागाड़ा में खड़ा कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक (UP78 MN 0529) को कब्जे में ले लिया है। हाथी महावत रफी उल्लाह अंसारी की तहरीर पर 22 नवंबर को बेलीपार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना 21 नवंबर की सुबह करीब 5:30 से 5:55 बजे के बीच की है। सेवई गांव निवासी रफी उल्लाह अंसारी अपने हाथी को लेकर गजपुर से बारात में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। हाथी पर उनके बेटे जाफर अंसारी और फिरोज अंसारी सवार थे। सभी लोग हाथी के साथ पैदल ही गोरखपुर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान बेलीपार थाना क्षेत्र के मेहरौली गांव में गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजकुमार के ईंट-भट्ठे के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने हाथी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उस पर सवार दोनों युवक भी घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान हाथी ने तोड़ा दम हादसे के बाद घायल हाथी को इलाज के लिए रचित हॉस्पिटल गोरखपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल दोनों युवकों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाथी मालिक और परिवार के लोगों में शोक का माहौल है। दूध की डिलीवरी के बाद बाघागाड़ा में खड़ा किया ट्रक हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। बताया जा रहा है कि उसने रास्ते में दूध की डिलीवरी की और इसके बाद बाघागाड़ा में ट्रक खड़ा कर फरार हो गया। उधर, पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर टक्कर मारने वाले ट्रक की पहचान हुई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। अब चालक की तलाश की जा रही है। एफआईआर में दर्ज है ट्रक का नंबर, एसआई को सौंपी जांच हाथी का महावत रफी उल्लाह अंसारी की तहरीर पर बेलीपार पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर में ट्रक का नंबर UP78 MN 0529 दर्ज है, जबकि चालक का नाम और पता अज्ञात बताया गया है। पुलिस CCTV के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)