ग्रेनो वेस्ट मेट्रो के लिए अगले सप्ताह टेंडर:8.5 किमी लंबे कॉरिडोर पर बनेंगे पांच स्टेशन, 2390 करोड़ रुपये होंगे खर्च, पीएम कर सकते हैं शिलान्यास
ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) अगले सप्ताह तक इसके लिए टेंडर जारी करेगा। एजेंसी का चयन होने के बाद जनवरी 2027 से निर्माण कार्य शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 2390 करोड़ रुपये की इस परियोजना से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लगभग आठ लाख आबादी को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। दिसंबर में परियोजना का शिलान्यास पीएम या सीएम कर सकते हैं। सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 यानी किसान चौक तक 8.449 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस रूट पर पांच स्टेशन होंगे। इनमें सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 शामिल हैं। निर्माण पूरा होने में करीब दो साल लगने का अनुमान है। दो मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेगा ग्रेनो वेस्ट इस कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके जरिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को दिल्ली और नोएडा के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से कनेक्टिविटी मिलेगी। सेक्टर-61 स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा होगी। वहीं, सेक्टर-51 स्टेशन पर मौजूदा एक्वा लाइन से जुड़ाव मिलेगा। इससे दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन आसान होगा। अभी ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नोएडा और दिल्ली जाने के लिए बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों और बसों का इस्तेमाल करते हैं। सुबह और शाम के समय गौर चौक समेत प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव रहता है। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। जून में पीआईबी के सामने रखा था परियोजना का प्रस्ताव एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि जून में पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) की बैठक में परियोजना की लागत और उपयोगिता का प्रस्तुतीकरण दिया गया था। इसके बाद मंत्रालय स्तर पर मंजूरी मिली और प्रस्ताव केंद्रीय कैबिनेट के पास भेजा गया। अब कैबिनेट से निर्माण की अनुमति मिल गई है। अगले सप्ताह तक टेंडर जारी करने और जनवरी में निर्माण शुरू कराने का लक्ष्य है। चार एजेंसियां मिलकर उठाएंगी परियोजना का खर्च मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण पर करीब 2390 करोड़ रुपये खर्च होंगे। केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इक्विटी के आधार पर परियोजना की लागत साझा करेंगे। प्रस्तावित कॉरिडोर गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक प्रस्तावित आरआरटीएस से अलग होगा। भविष्य में आरआरटीएस नेटवर्क विकसित होने पर यात्रियों को एनसीआर में आवागमन के लिए एक और विकल्प मिलेगा। 2016 में तैयार हुई थी पहली कार्ययोजना ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो विस्तार की पहली विस्तृत कार्ययोजना वर्ष 2016 में तैयार की गई थी। हालांकि, परियोजना को मंजूरी मिलने की प्रक्रिया में करीब दस साल लग गए। अब केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद टेंडर और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। एक्वा मेट्रो की तीन प्रमुख विस्तार परियोजनाएं सेक्टर-51 से ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-4: 8.449 किलोमीटर, पांच स्टेशन, 2390 करोड़ रुपये। बोटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 लिंक लाइन: 12.56 किलोमीटर, आठ स्टेशन, 2354.35 करोड़ रुपये। ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन: 2.6 किलोमीटर, दो स्टेशन, 416 करोड़ रुपये।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)