ग्रेटर-नोएडा में 20 हजार वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त:भनौता में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, कीमत करीब 40 करोड़ रुपए
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भनौता गांव में करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। जमीन की अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये है। कालोनाइजर यहां अवैध प्लॉटिंग की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि भनौता के खसरा नंबर 371 और 372 की जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाकर अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश की जा रही थी। प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-2 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में निर्माण गिराया। यह कार्रवाई दोपहर 2 बजे शुरू हुई और दो घंटे चली। भनौता में अधिसूचित इलाके में बन रहे विला और अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाकर सीलिंग की कार्रवाई भी की गई। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित इलाके में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम ऐसे कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित इलाके में अवैध निर्माण की इजाजत नहीं है। जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी लेने की अपील की गई है। उन्होंने लोगों से अवैध कॉलोनी में अपनी कमाई नहीं लगाने को कहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)