डीएम ने सीएचसी में टूटी बाउंड्री और अतिक्रमण देखा:हमीरपुर में जनवरी तक 50 बेड के क्रिटिकल केयर अस्पताल का निर्माण पूरा करने के निर्देश
हमीरपुर में जिलाधिकारी अशोक कुमार बुधवार रात स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने निकले। मुस्करा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में टूटी बाउंड्री वॉल और मुख्य गेट के पास अतिक्रमण देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद इमिलिया सीएचसी परिसर में बन रहे 50 बेड के क्रिटिकल केयर अस्पताल का निरीक्षण किया और जनवरी तक निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम रात करीब आठ बजे मुस्करा सीएचसी पहुंचे। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, इमरजेंसी सेवाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। इमरजेंसी में दुर्घटना में घायल एक मरीज का इलाज चल रहा था। डीएम ने मरीज से बात कर उसे मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त चिकित्सकीय कारण के बिना मरीजों को रेफर न किया जाए। गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर समय से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की व्यवस्था की जाए। अस्पताल में जरूरी दवाएं और साफ-सफाई बनाए रखने के साथ चिकित्सकों के नाम, फोटो, विशेषज्ञता और ड्यूटी के समय का बोर्ड लगाने को भी कहा।
डीएम ने टूटी बाउंड्री वॉल की मरम्मत कराने और मुख्य गेट के पास अतिक्रमण की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले में चिकित्सकों की कमी और अल्ट्रासाउंड मशीन समेत जरूरी चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। उन्होंने इनके लिए शासन को पत्र लिखने की बात कही।
निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएस राजपूत और इमरजेंसी में चिकित्सक मौजूद थे।
मुस्करा के बाद डीएम इमिलिया पहुंचे। वहां सीएचसी परिसर में बन रहे 50 बेड के क्रिटिकल केयर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान देने और तय समय में काम पूरा करने को कहा। अस्पताल का निर्माण जनवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)