गुरु नानक जी के प्रकाश पर्व पर निकला नगर कीर्तन:तलवारबाजी और गतका के हैरतअंगेज करतब देख दंग रह गए लोग, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
सड़कों पर गूंजते गुरु के जयकारे, शबद-कीर्तन की मधुर धुन और तलवारों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाते गतका दल के योद्धा... कहीं स्कूली बच्चों का बैंड लोगों का मन मोह रहा…तो कहीं संगत पर फूलों की वर्षा कर स्वागत किया जा रहा… सिख पंथ के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को कानपुर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। लाटूश रोड गुरुद्वारे से शुरू हुए इस नगर कीर्तन में आस्था, उत्साह और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। पंच प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रास्तेभर गुरु नानक देव जी के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया गुरु सिंह सभा, लाटूश रोड की ओर से सिख गुरुद्वारा कमेटियों, विभिन्न सिख संगठनों और संगत के सहयोग से आयोजित नगर कीर्तन में दशमेश शस्त्र दल के सदस्यों ने पारंपरिक युद्ध कला गतका का प्रदर्शन किया। तलवारबाजी, लाठी चलाने और नारियल फोड़ने जैसे करतब देखकर लोग दंग रह गए। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया। नगर कीर्तन लाटूश रोड गुरुद्वारे से शुरू होकर डिप्टी पड़ाव, जरीब चौकी, फजलगंज, संत नगर, गुमटी नंबर-5 और अशोक नगर होते हुए मोतीझील पहुंचेगा। पूरे रास्ते में गुरु ग्रंथ साहिब के श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ स्वागत किया। तलवारों के करतब देख थम गए कदम नगर कीर्तन में दशमेश शस्त्र दल के सदस्यों का गतका प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहा। पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन करते हुए दल के सदस्यों ने तलवारबाजी और लाठी चलाने के हैरतअंगेज करतब दिखाए। योद्धाओं ने हवा में कई फीट ऊपर उछलकर तलवारों से वार करने का कौशल दिखाया तो श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह गए। सड़क किनारे खड़े लोग इन रोमांचक पलों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। स्कूली बच्चों के बैंड और गुरबाणी ने बांधा समां नगर कीर्तन में स्कूली बच्चों ने भी उत्साह के साथ भागीदारी की। बच्चों के बैंड ने आकर्षक धुनें बजाकर लोगों का मन मोह लिया। वहीं, बच्चे गुरु नानक देव जी का गुणगान करते हुए और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। उनकी प्रस्तुतियों ने नगर कीर्तन के माहौल को और भव्य बना दिया। जगह-जगह संगत ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। जगह-जगह स्टॉल लगाकर बांटा प्रसाद नगर कीर्तन के स्वागत के लिए लाटूश रोड, गुमटी नंबर-5, संत नगर और मोतीझील सहित कई स्थानों पर स्टॉल लगाए गए। यहां श्रद्धालुओं को बिस्किट, टॉफी, मिठाई, लस्सी, शरबत और फल वितरित किए गए। लोगों ने सेवा भाव से प्रसाद बांटकर गुरु नानक देव जी के मानवता और भाईचारे के संदेश को आगे बढ़ाया। 1937 से लगातार मनाया जा रहा प्रकाश पर्व श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष हरविंदर सिंह लार्ड ने बताया कि सभा वर्ष 1937 से पंजीकृत है और लगातार गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व परंपरागत तरीके से मनाया जा रहा है। गुरु नानक देव जी ने पूरी दुनिया को मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने ऊंच-नीच, जात-पात और अमीरी-गरीबी से ऊपर उठकर सभी को एक समान माना। एक ही पंगत में सभी को बैठाकर लंगर की परंपरा शुरू की। उनका संदेश है कि मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है। उनके बताए रास्ते पर केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लोग चल रहे हैं। 24 नवंबर को मोतीझील में मुख्य आयोजन, सजेगा लंगर सभा के जनरल सेक्रेटरी सरबप्रीत सिंह सागरी ने बताया कि 23 नवंबर को मोतीझील में लंगर की तैयारियां की जा रही हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती के अवसर पर मुख्य आयोजन होगा। मोतीझील परिसर में विशाल लंगर चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम में दरबार साहिब से भाई नरेंद्र सिंह, दिल्ली से भाई मनमीत सिंह और देहरादून से भाई बलविंदर सिंह कीर्तन और कथा के माध्यम से गुरु की महिमा का गुणगान करेंगे। उन्होंने संगत से कार्यक्रम में पहुंचकर गुरु के यशगान सुनने की अपील की। यह लोग रहे मौजूद नगर कीर्तन में हरविंदर सिंह लार्ड, सुखविंदर सिंह भल्ला, ज्ञानी मदन सिंह, सरदार मोहन सिंह, मीत सागरी, दया सिंह गांधी, टीटू सागरी, जसबीर सिंह, हरजिंदर सिंह, हरमिंदर सिंह, करमजीत सिंह और सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)