कॉलेज प्रबंधक पर प्रवक्ता की हत्या का आरोप:अंबेडकरनगर में दो दिन बाद पिता ने दी तहरीर, मांगी निष्पक्ष जांच
अम्बेडकरनगर के टांडा स्थित मां तिलेसरा देवी पीजी कॉलेज में भूगोल के प्रवक्ता सुशील कुमार की मौत के दो दिन बाद उनके पिता चंद्रभान ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने कॉलेज प्रबंधक, प्रधानाचार्य और अन्य लोगों पर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है।
चंद्रभान ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वह जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव के रहने वाले हैं।
चंद्रभान के मुताबिक, सुशील कुमार पिछले छह साल से कॉलेज में भूगोल के प्रवक्ता थे। उनका आरोप है कि कॉलेज प्रबंधक रामप्रकाश प्रजापति उनसे ज्यादा काम कराते थे, लेकिन वेतन कम देते थे। वेतन बढ़ाने की मांग पर प्रबंधक और कॉलेज प्रशासन दबाव बनाते थे। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि सुशील को कॉलेज छोड़ने के लिए कहा जाता था।
तहरीर के अनुसार, 20 नवंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे चंद्रभान को सुशील की मौत की सूचना मिली। वह रिश्तेदारों के साथ कॉलेज पहुंचे तो सुशील का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
चंद्रभान ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधक और अन्य लोगों ने सुशील के गले में फंदा लगाकर उनकी हत्या की। घटना के दो दिन बाद, 22 नवंबर को चंद्रभान ने कोतवाली टांडा में प्रार्थना पत्र देकर जांच और प्रबंधक, प्रधानाचार्य समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)