गुरुद्वारा परिसर में 1984-दंगों से जुड़े फोटो वाला पोस्टर लगाया:सहारनपुर में रणजीत अखाड़े से जुड़े चार लोगों पर FIR
सहारनपुर के कुतुबशेर थाना क्षेत्र में गुरुद्वारा सिंह सभा परिसर की दीवार पर 1984 के दंगों और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या से जुड़े फोटो वाला पोस्टर लगाया गया। पुलिस ने मंगलवार सुबह 10 बजे चार लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। आरोप है कि पोस्टर के शब्दों से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती थीं और धार्मिक वैमनस्य फैलने की आशंका थी। पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर को सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। वे संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच भी कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने अमित कुमार के मोबाइल पर दो फोटो भेजे। मुखबिर ने बताया कि गुरुद्वारा सिंह सभा में संगत के दौरान परिसर की दीवार पर फ्लैक्सी बोर्ड लगाया गया है। उस पर 1984 के दंगों और इंदिरा गांधी की हत्या से जुड़े फोटो के साथ सिख समुदाय के लोगों के फोटो भी थे। पोस्टर पर सिखों की शहादत से जुड़े भड़काऊ शब्द लिखे होने की बात भी बताई गई। सूचना पर पुलिस टीम गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंची। वहां मौजूद लोगों को व्हाट्सएप पर मिले पोस्टर के फोटो दिखाकर जानकारी जुटाई गई। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि फ्लैक्सी बोर्ड रणजीत अखाड़ा से जुड़े लोगों ने लगाया था। पुलिस ने पोस्टर लगाने के आरोप में कुलवीर उर्फ राणा (प्रशिक्षक), प्रवेंद्र सिंह उर्फ बॉबी (अध्यापक), अमन गुरी उर्फ चुप्पा और लूरी के नाम बताए हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ अन्य अज्ञात लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं। पुलिस का आरोप है कि पोस्टर और उस पर लिखी टिप्पणी से लोगों के बीच धार्मिक सौहार्द बिगड़ने और शत्रुता, घृणा व वैमनस्य फैलने की आशंका थी। इससे लोक शांति भंग हो सकती थी। सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार की तहरीर पर कुतुबशेर थाने में चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। सीओ प्रथम सारिका चौधरी ने बताया कि थाना कुतुबशेर क्षेत्र में विवादित पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टर को तत्काल हटवा दिया गया। मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें कुछ लोगों को नामजद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)