निजी स्कूल में शिक्षिकाओं से अभद्रता का आरोप:अलीगढ़ में कमरे में बुलाकर शिक्षिकाओं से हरकत, एसएसपी से शिकायत
क्वार्सी क्षेत्र के रमेश विहार स्थित एक निजी सीबीएसई स्कूल में शिक्षिकाओं के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन से जुड़े एक व्यक्ति पर शिक्षिकाओं को अकेले कमरे में बुलाकर अश्लील हरकतें करने, गलत तरीके से छूने और जबरदस्ती की कोशिश करने के आरोप लगे हैं। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देने और देर रात फोन कर बाहर मिलने का दबाव बनाने की भी शिकायत की गई है। पीड़ित शिक्षिकाओं का आरोप है कि आरोपी उन्हें ऐसे कार्यालय में बुलाता था, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। वहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था। आरोपी देर रात फोन कर बाहर मिलने के लिए दबाव बनाता था। उसकी बात नहीं मानने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती थी। प्रबंधन से शिकायत की, नहीं हुई सुनवाई शिक्षिकाओं के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में स्कूल प्रबंधन से भी शिकायत की थी, लेकिन उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। लगातार हो रहे कथित उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया। थाने में सुनवाई नहीं हुई तो एसएसपी के पास पहुंचीं शिक्षिकाओं ने दो दिन पहले क्वार्सी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि वहां उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को सभी पीड़िताएं एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिक्षिकाओं ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे एसएसपी कार्यालय में धरने पर बैठेंगी। अप्रैल 2025 से परेशान करने का आरोप शिकायत में एक शिक्षिका ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2025 से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था। आरोपी ने उनकी सहमति के बिना पेटीएम के माध्यम से उनके खाते में दो हजार रुपये भेजे। इसके बाद नौकरी जारी रखने के लिए अपनी बात मानने का दबाव बनाया। शिक्षिका का कहना है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन को भी इसकी जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी गई। जांच के बाद होगी कार्रवाई सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि मामला करीब एक साल पुराना है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)