शराब का ठेका हटाने की मांग, युवक धरने पर बैठा:आजाद समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अमित कुमार ने डीएम कार्यालय के सामने दिया धरना
मथुरा के नवादा में आबादी क्षेत्र में चल रहे शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को आजाद समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अमित कुमार जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेके के आसपास शराब पीकर लोग झगड़ा और गाली-गलौज करते हैं। इससे स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं और युवतियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप अमित कुमार का आरोप है कि ग्राम नवादा में शराब के ठेके का लाइसेंस नियमों को दरकिनार कर जारी किया गया है। ठेके के आसपास शराब पीने के बाद लोग आपस में झगड़ते हैं और गाली-गलौज कर माहौल खराब करते हैं। उनका कहना है कि ठेके के पास से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों पर नशे में धुत लोग अभद्र टिप्पणियां करते हैं। इससे उन्हें असुरक्षा और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। पहले भी दे चुके हैं ज्ञापन अमित ने बताया कि इस समस्या को लेकर वह पहले भी जिलाधिकारी को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आबकारी विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने पर उन्हें बताया गया कि ठेका सरकारी है और निर्धारित स्थान के लिए उसका लाइसेंस जारी किया गया है। अमित का कहना है कि सरकारी ठेका होने का मतलब यह नहीं है कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं की अनदेखी की जाए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर ठेके का लाइसेंस निरस्त करने और उसे आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने के साथ भूख हड़ताल करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)