हापुड़ चुंगी-मेरठ रोड निर्माण से जाम का खतरा:वंदना चौधरी ने सड़क का सर्वे कराकर काम आगे बढ़ाने की मांग की

Sep 25, 2026 - 17:29
0
हापुड़ चुंगी-मेरठ रोड निर्माण से जाम का खतरा:वंदना चौधरी ने सड़क का सर्वे कराकर काम आगे बढ़ाने की मांग की
गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी से मेरठ रोड को जोड़ने वाली सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर गीतांजलि वेलफेयर एजुकेशनल समिति की अध्यक्ष वंदना चौधरी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। उन्होंने मांग की है कि निर्माण कार्य से पहले सड़क का सर्वे कराया जाए और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ही आगे का काम किया जाए। वंदना चौधरी ने बताया कि हापुड़ चुंगी से एएलटी के पास तक सड़क पर काम चल रहा है। यह सड़क पहले से ही यातायात के दबाव में रहती है और निर्माण कार्य के चलते इसकी चौड़ाई कम हो रही है। ऐसे में आने वाले समय में इस रास्ते पर जाम की समस्या और बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि यह सड़क गाजियाबाद शहर के कई हिस्सों को जोड़ने वाला एक जरूरी रास्ता है। यह नमो भारत स्टेशन और नेशनल हाईवे (NH) की तरफ जाने वाले रास्तों को मेरठ रोड से जोड़ती है। इस वजह से यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। वंदना चौधरी ने यह भी बताया कि इस रास्ते पर कई अस्पताल हैं। इसके अलावा आसपास कई स्कूल भी हैं, जिनके कारण सुबह और छुट्टी के समय सड़क पर वाहनों की भीड़ बढ़ जाती है। रास्ते पर बी-ब्लॉक का बस स्टॉप भी है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इन वजहों से इस सड़क पर पहले से ही जाम लगा रहता है। उन्होंने कहा कि सड़क पर चल रहे काम के कारण रास्ता और संकरा हो रहा है। यदि निर्माण कार्य इसी तरह आगे बढ़ा तो भविष्य में यातायात पर असर पड़ सकता है। अस्पतालों तक पहुंचने वाले मरीजों और उनके अटेंडेंट के साथ स्कूली बच्चों और रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी हो सकती है। वंदना चौधरी ने बताया कि आज डीएम कार्यालय में पहुंचकर इस संबंध में ज्ञापन दिया गया है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि पहले सड़क का सर्वे कराया जाए और यातायात की स्थिति का आकलन करने के बाद ही आगे का निर्माण कार्य किया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User