नगर पालिका ने रैन बसेरे में तीन कर्मचारी तैनात किए:अब आवारा कुत्तों पर भी रखेंगे नजर, बिस्तर पर रखे तकिए फाड़ दिए थे
रामपुर के जिला अस्पताल परिसर में बने रैन बसेरे की बदहाली को लेकर दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर का असर हुआ है। शनिवार मध्य रात्रि रैन बसेरे में कुत्तों का जमावड़ा और सर्द रात में खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर लोगों की परेशानी सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया। रविवार से रैन बसेरे की निगरानी के लिए तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। कर्मचारी अलग-अलग पालियों में यहां मौजूद रहकर आने वाले लोगों का रिकॉर्ड रखेंगे और आवारा कुत्तों पर नजर रखेंगे। शनिवार रात 12 बजे दैनिक भास्कर ने जिला अस्पताल परिसर में बने रैन बसेरे की पड़ताल की थी। इस दौरान वहां कुत्तों का जमावड़ा मिला था। कुत्तों ने रैन बसेरे में रखे तकिए फाड़ दिए थे, जबकि लिहाफ और गद्दों को भी गंदा कर दिया था। ऐसे में ठंड से बचने के लिए पहुंचे लोगों को बिस्तर तक नहीं मिल रहे थे। कुछ लोग सर्द रात में खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर थे। पहले दिन कर्मचारी ने की साफ-सफाई खबर का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने रविवार को कर्मचारी शादाब खान की ड्यूटी लगाई। सुबह 10:50 बजे रैन बसेरे में मौजूद शादाब खान ने बताया कि पहले दिन उनकी यहां ड्यूटी लगी है। उन्होंने पहुंचते ही कुत्तों की गंदगी साफ की और तकिए, लिहाफ व गद्दों को पलंग पर व्यवस्थित तरीके से बिछाया। उन्होंने कहा कि अब वह मुस्तैदी से ड्यूटी करेंगे, ताकि कुत्ते दोबारा अंदर न घुस सकें। तीन पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी तय नगर पालिका ने रैन बसेरे की निगरानी के लिए तीन पालियों में ड्यूटी निर्धारित की है। पहली पाली सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक और तीसरी शाम 6 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक रहेगी। इस व्यवस्था से दिन और रात दोनों समय कर्मचारी रैन बसेरे में मौजूद रहेंगे। नियमित निगरानी से जरूरतमंदों को राहत की उम्मीद नई व्यवस्था के बाद अब रैन बसेरे में आने वाले लोगों का लेखा-जोखा रखा जाएगा और आवारा कुत्तों को अंदर आने से रोकने की जिम्मेदारी भी कर्मचारियों की होगी। हालांकि, यह व्यवस्था कितनी नियमित रहती है और ठंड में यहां पहुंचने वाले जरूरतमंदों को कितनी राहत मिलती है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)