हाथरस में रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत:हादसे में चचेरा भाई हुआ घायल, एक अन्य हादसे में महिला की गई जान
हाथरस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। हादसा चंदपा कोतवाली क्षेत्र में गांव कोटा कपूर के पास दोपहर करीब एक बजे हुआ। दोनों आगरा से दवा लेकर घर लौट रहे थे। उधर, मथुरा रोड पर ई-रिक्शा की टक्कर से घायल एक अज्ञात महिला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। आगरा से दवा लेकर लौट रहे थे दोनों सासनी क्षेत्र के वीर नगर गांव में रहने वाला सुधीर (20) पुत्र महिपाल सिंह अपने चचेरे भाई राजीव पुत्र तिलक सिंह के साथ रविवार सुबह दवा लेने आगरा गया था। दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे गांव कोटा कपूर के पास आगरा की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सरकारी एंबुलेंस पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुधीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजीव का इलाज किया गया। पुलिस ने सुधीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वह मेहंदी लगाने का काम करता था और अविवाहित था। हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ई-रिक्शा की टक्कर से अज्ञात महिला की मौत हाथरस में ही मथुरा रोड पर तालाब फाटक के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे ई-रिक्शा की टक्कर से एक महिला घायल हो गई। महिला की उम्र करीब 50 साल बताई गई है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। महिला ने रास्ते में दोपहर करीब एक बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)