हिमाचल में नकली दवाइयां बनाने की फैक्ट्री पकड़ी:सहारनपुर का हसीन समेत दो अरेस्ट, दवाइयों की पैकिंग और अलग-अलग राज्यों में कोरियर करने की जिम्मेदारी थी
यूपी एसटीएफ, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और हिमाचल प्रदेश के औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में नकली दवाइयां बनाने और सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। टीम ने रजपुरा स्थित एक मकान में छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक आरोपी सहारनपुर के चिलकाना का रहने वाला मोहम्मद हसीन है, जबकि दूसरा आरोपी झारखंड के गढ़वा जिले का मोनू कुमार है। मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाइयां, दवाइयों का कच्चा माल, कैप्सूल भरने की मशीनें और पैकिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए गए हैं। एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार मोहम्मद हसीन पिछले 6-7 महीने से इस अवैध फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसका काम तैयार नकली दवाइयों की पैकिंग करना और उन्हें अलग-अलग राज्यों में कोरियर के माध्यम से भेजना था। इसके बदले उसे 20 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे। वहीं, झारखंड निवासी मोनू कुमार करीब एक साल से फैक्ट्री में दवाइयों की पैकिंग और लेबलिंग का काम कर रहा था। उसे 15 हजार रुपये महीने मिलते थे। पूछताछ में दोनों ने फैक्ट्री के संचालन से जुड़ी ये जानकारियां दी हैं। डेढ़ साल से चल रहा था नकली दवाइयों का कारोबार एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया कि नालागढ़ के रजपुरा स्थित सुखबिंदर सिंह के भवन को बदायूं निवासी सुनील कुमार ने किराये पर लिया था। इसी मकान में वह अपने साथियों के साथ मिलकर नकली दवाइयां तैयार कराता था और उन्हें उत्तर प्रदेश समेत दूसरे राज्यों में सप्लाई करता था। सुनील कुमार करीब डेढ़ साल से इस अवैध कारोबार को चला रहा था। एसटीएफ के अनुसार, सुनील कुमार पहले भी नकली दवाइयां बनाने के मामले में हिमाचल प्रदेश के बद्दी थाने से जेल जा चुका है। फिलहाल वह इस मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के बयानों में मुख्य संचालक के रूप में सामने आया है। कैप्सूल से लेकर टैबलेट की पैकिंग तक का सामान मिला संयुक्त टीम को मकान की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार की दवाइयां और कच्चा माल मिला। इनमें Neuro-P (Pregabalin Capsules IP) के खाली कैप्सूल के डिब्बे, C-Az (Cefixime और Azithromycin) तथा विभिन्न कंपनियों के नाम वाले एल्युमिनियम फॉयल और पैकिंग सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा एक मैनुअल और एक सेमी ऑटोमैटिक कैप्सूल फिलिंग मशीन, एक अलू-अलू टैबलेट ब्लिस्टर फिलिंग एवं सीलिंग मशीन, एक एयर कंप्रेसर और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। इन मशीनों की मदद से दवाइयों को तैयार करने, कैप्सूल भरने और उनकी पैकिंग करने का काम किया जा रहा था। वाराणसी में नकली दवाइयां मिलने के बाद खुला नेटवर्क इस पूरे नेटवर्क का खुलासा वाराणसी में नकली दवाइयों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद शुरू हुई जांच से हुआ। 30 अक्टूबर को एफएसडीए की टीम ने वाराणसी के थाना जंसा क्षेत्र के ग्राम कुरौना में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाइयां बरामद की थीं। इसके बाद 2 नवंबर को थाना रोहनिया क्षेत्र के परमानंदपुर स्थित एक मकान से नामी कंपनियों के ब्रांड की संदिग्ध नकली दवाइयां मिली थीं। जांच के दौरान दवाइयों की स्ट्रिप पर वर्तनी और छपाई से जुड़ी गंभीर गलतियां मिली थीं। संबंधित निर्माता कंपनियों ने जांच के बाद बाजार से मिले नमूनों को नकली घोषित किया था। इसके बाद थाना रोहनिया में मुकदमा दर्ज किया गया। अभिषेक सिंह की गिरफ्तारी से मिला हिमाचल कनेक्शन मामले की विवेचना में वाराणसी और आसपास के जिलों के अलावा बिहार में नकली दवाइयों की सप्लाई करने वाले गिरोह के सरगना के रूप में अभिषेक सिंह का नाम सामने आया। एफएसडीए ने उसकी गिरफ्तारी और नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्ट्री का पता लगाने के लिए यूपी एसटीएफ से सहयोग मांगा था। एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए 18 नवंबर को वाराणसी के चितईपुर स्थित कर्दमेश्वर पुरम कॉलोनी से अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में एफएसडीए वाराणसी और स्थानीय पुलिस भी शामिल रही। इसके बाद जांच में पता चला कि हिमाचल प्रदेश के बद्दी और सोलन क्षेत्र में नकली दवाइयां तैयार करके उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों में सप्लाई की जा रही हैं। मुखबिर की सूचना पर मकान में दी दबिश एसटीएफ की मेरठ फील्ड इकाई को सूचना मिली थी कि सोलन जिले के नालागढ़ थाना क्षेत्र के रजपुरा स्थित एक मकान में अवैध रूप से नकली दवाइयां तैयार की जा रही हैं। सूचना को यूपी एफएसडीए के साथ साझा किया गया। इसके बाद 19 नवंबर को निरीक्षक संजय तोमर के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम हिमाचल प्रदेश पहुंची। टीम ने हिमाचल प्रदेश के औषधि विभाग से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। मुखबिर की निशानदेही पर रजपुरा स्थित मकान में सुबह करीब 11 बजे छापा मारा गया। यहां से मोहम्मद हसीन और मोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के कब्जे और मकान से नकली दवाइयों के निर्माण और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ। एसटीएफ के मुताबिक, इस कार्रवाई का पर्यवेक्षण अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने किया। गिरफ्तार आरोपियों को सोलन की अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई हिमाचल प्रदेश के एफएसडीए और औषधि विभाग की ओर से की जा रही है। सहारनपुर के चिलकाना का रहने वाला है हसीन इस अंतरराज्यीय गिरोह में सहारनपुर के चिलकाना निवासी मोहम्मद हसीन की गिरफ्तारी से जिले का भी कनेक्शन सामने आया है। एसटीएफ की पूछताछ के अनुसार, हसीन फैक्ट्री में तैयार दवाइयों की पैकिंग करने के साथ उन्हें विभिन्न राज्यों में कोरियर से भेजने का काम करता था। इस काम के लिए उसे हर महीने 20 हजार रुपये दिए जाते थे। वह पिछले 6-7 महीने से इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)