सुलतानपुर में पुण्यतिथि पर कवि सम्मेलन:कवियों ने सामाजिक विसंगतियों पर किया प्रहार, पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
सुलतानपुर के बबुरी अलीगंज में स्व. राम यज्ञ पांडेय की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्री राम यज्ञ पांडेय सपर्या समिति के तत्वावधान में वार्षिक सारस्वत समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। डॉ. सुशील कुमार पांडेय 'साहित्येन्दु' की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में कवियों ने चार घंटे तक अपनी रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत के साथ हुई। कवि नरेंद्र शुक्ल ने 'लूट झूठ का जिक्र अभी है जोरों से, कौन नहीं है त्रस्त मुनाफाखोरों से' सुनाकर सामाजिक विसंगतियों पर प्रहार किया। अमरेश ने मां शारदा की वंदना से जुड़ी रचना सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। सूर्यमणि ओझा ने 'हरियाली थी देश में पूज रहे थे लोग' के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संचालक हरि शुक्ल की गजल 'नहीं हो पास बेशक पर दिवस यह खास है फिर भी' ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। राजेंद्र 'गड़बड़', अंशुमान, जगदंबा मधुर, बागी सुल्तानपुरी और डॉ. कमलेश भट्ट ने भी रचनाएं प्रस्तुत कीं। इस अवसर पर पं. भास्कर के संस्मरण संग्रह 'स्मृतियों के अलिंद' का विमोचन किया गया। अंत में आयोजक स्वामी दयाल पांडेय और संयोजक आचार्य बलभद्र प्रसाद पांडेय ने आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)