रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर महिलाओं ने निकाली बाइक रैली:झांसी में रानी के रूप में सजकर पहुंची, नारी शक्ति का संदेश दिया
झांसी में समर्पण सेवा समिति की ओर से वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर गुरुवार को महिलाओं ने वीरांगना बाइक रैली निकाली। इस बाइक रैली को भाजपा विधायक रवि शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। झांसी के किले से शुरू हुई वीरांगना बाइक रैली ने शहर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया। बाइक रैली में महिलाएं रानी लक्ष्मीबाई के रूप में सजकर पहुंची। इसके अलावा सेना की महिला सिपाहियों और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की तरह सजी-धजी महिलाएं बाइक पर सवार होकर चलती दिखीं। वीरांगना बाइक रैली में शहर की स्थानीय महिलाओं और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया।झांसी शहर के विभिन्न हिस्सों से घूमती हुई महिलाओं की बाइक रैली का समापन लक्ष्मीबाई पार्क में हुआ। महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है रैली में शामिल अर्पणा दुबे ने कहा कि आज रानी लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती पर हम लोगों ने दुर्ग की तलहटी से रैली का आयोजन किया। इसमें झांसी के अलावा कानपुर, लखनऊ समेत अलग-अलग हिस्सों से महिलाओं ने भाग लिया। उन्होंने आगे कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई सिर्फ झांसी की ही नहीं, पूरे देश की नारी शक्ति की प्रतीक हैं। उनका साहस और बलिदान आज भी हर महिला को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस रैली के माध्यम से महिलाओं ने बेटियों को आत्मनिर्भर और निडर बनने का संदेश दिया। रैली के दौरान रास्ते में लोगों ने फूल बरसाकर महिलाओं का स्वागत किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)