हरदोई के निजी-अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत:परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, नवजात सुरक्षित
हरदोई में सांडी चुंगी-बिलग्राम चुंगी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के करीब छह घंटे बाद शनिवार देर रात 12:45 बजे 28 वर्षीय प्रसूता की मौत हो गई। महिला ने बेटे को जन्म दिया था। उसकी मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रविवार तड़के अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। पुलिस के कार्रवाई का आश्वासन देने पर परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शहर कोतवाली क्षेत्र मामला सुरसा थाना क्षेत्र के थोथेपुरवा गांव का है। मृतका के भाई उत्तम कुमार ने बताया कि उनकी बहन ज्योति को 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 24 अक्टूबर की शाम करीब 6:20 बजे उसने बेटे को जन्म दिया। नवजात सुरक्षित है, लेकिन देर रात करीब 12:45 बजे ज्योति की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। देखें, 2 तस्वीरें…. उत्तम कुमार का आरोप है कि प्रसव के बाद ज्योति को तेज दर्द हो रहा था और ब्लीडिंग भी हो रही थी। इसके बावजूद अस्पताल के स्टाफ ने उसकी समुचित देखभाल नहीं की। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान हुई लापरवाही के कारण रक्तस्राव नहीं रुका, जिससे ज्योति की जान चली गई। घटना के बाद अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार बताया जा रहा है।
ज्योति की शादी वर्ष 2015 में सुनील के साथ हुई थी। उसके पहले से आठ वर्षीय बेटा अनिकेत और तीन वर्षीय बेटी अनुष्का हैं। तीसरे बच्चे के जन्म के बाद मां की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)