PET खत्म होते ही बरेली जंक्शन पर उमड़ी भीड़:धक्का-मुक्की के बीच ट्रेन के दरवाजों पर लटके छात्र; 5-6 घंटे इंतजार करना पड़ा
यूपी में PET-2026 की परीक्षा खत्म होते ही रविवार को बरेली जंक्शन पर अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में छात्र जमा हो गए। इस दौरान धक्का-मुक्की के बीच कई छात्रों को ट्रेन के दरवाजों पर लटककर सफर करना पड़ा। अभ्यर्थियों ने रेलवे और प्रशासन पर परीक्षा को देखते हुए पर्याप्त इंतजाम नहीं करने का आरोप लगाया। सुल्तानपुर से परीक्षा देने आए एक छात्र ने बताया कि उसका परीक्षा केंद्र घर से करीब 450 किलोमीटर दूर था। केंद्र रेलवे स्टेशन से लगभग 10.5 किलोमीटर दूर दिया गया था। वहां पहुंचने के लिए कोई साधन नहीं मिला। छात्रों ने मांग की कि परीक्षा केंद्र गृह जिले या आसपास के जिलों में दिए जाने चाहिए, ताकि आने-जाने में परेशानी न हो। अगली ट्रेन के लिए 5-6 घंटे करना पड़ा इंतजार बरेली जंक्शन पर मौजूद कई अभ्यर्थियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे के बाद उनके रूट पर कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं थी। अगली ट्रेन शाम 6 बजे के बाद थी। ऐसे में उन्हें स्टेशन पर 5-6 घंटे इंतजार करना पड़ा। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा में लाखों छात्रों के शामिल होने को देखते हुए रेलवे को अतिरिक्त ट्रेनें चलानी चाहिए थीं या मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने चाहिए थे। इससे भीड़ कम होती और छात्रों को अपने घर लौटने में सहूलियत मिलती।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)