हरदोई में दो पक्षों सड़क पर मारपीट:मौके पर खड़ी तीन गाड़ियों में तोड़फोड़, वारदात CCTV में कैद

Oct 26, 2026 - 12:13
0
हरदोई में दो पक्षों सड़क पर मारपीट:मौके पर खड़ी तीन गाड़ियों में तोड़फोड़, वारदात CCTV में कैद
हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र के मंगली पुरवा में 26 अक्टूबर रविवार की रात्रि 9 बजे के आसपास मारपीट के बाद जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि करीब 15 लोगों ने पहले चाचा-भतीजे को पीटा। इसके बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने हमलावरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटनाक्रम का CCTV फुटेज सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। रेलवेगंज की गुप्ता कॉलोनी निवासी पूर्वांकर गुप्ता के मुताबिक, वह अपने चाचा अरुण गुप्ता की दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान मोमीनाबाद निवासी अशरफ चौधरी और हुसैन शमसी अपने करीब 15 साथियों के साथ वहां पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने पूर्वांकर को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। भतीजे को बचाने पहुंचे अरुण गुप्ता के साथ भी मारपीट की गई। घटना में पूर्वांकर घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, अरुण गुप्ता को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। शोर सुनकर जुटे स्थानीय लोग मारपीट के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने हमलावरों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि हमले में शामिल लोग मौके पर करीब तीन गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। इसी बीच स्थानीय लोगों ने अशरफ चौधरी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। घायल अशरफ को प्राथमिक उपचार दिया गया है। CCTV फुटेज में कैद हुआ घटनाक्रम घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में कुछ युवक बाइक से मौके पर पहुंचते और वहां खड़े दिखाई देते हैं। इसके बाद उनके वहां से जाने और दूसरे पक्ष के लोगों के पहुंचने का घटनाक्रम नजर आता है। फिर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई देती है। कुछ लोग मौके से भागते नजर आते हैं। बाद में स्थानीय लोग अशरफ चौधरी को पकड़कर उसकी पिटाई करते दिखाई देते हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अशरफ चौधरी को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। मारपीट की शुरुआत किस वजह से हुई और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका क्या रही, इसकी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User