हरदोई में करवा-चौथ से एक दिन पहले बाजार में रौनक:महिलाओं ने पूजा और श्रृंगार का सामान खरीदा, ब्यूटी पार्लर और मेहंदी स्टॉल पर भी भीड़
हरदोई जनपद में पावन पर्व करवा चौथ से ठीक एक दिन पहले बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। 29 अक्टूबर को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर बुधवार को दोपहर से लेकर देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। शहर के प्रमुख बाजार ग्राहकों की भारी आवाजाही से गुलजार रहे, जहां सुहागिन महिलाओं ने पूजा सामग्री से लेकर सजने-संवरने के सामान की जमकर खरीदारी की। वहीं ब्यूटी पार्लर सुहागिन महिलाओं से भरे नजर आए।
शहर के बाजारों में इस बार पूजा सामग्री के विशेष स्टॉल सजाए गए हैं। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा संपन्न करने के लिए पारंपरिक पीतल और मिट्टी के तरह-तरह के करवे, लाई, खील, सींक, दीये, धूप-अगरबत्ती और चुनरी खरीदी। इसके साथ ही, सुहाग के प्रतीक कॉस्मेटिक के सामान जैसे सिंदूर, बिंदी, चूड़ियां, पायल और आभूषणों की दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ लगी रही।
त्योहार पर विशेष रूप से सुंदर दिखने के लिए महिलाओं ने ब्यूटी पार्लर का रुख किया। पार्लर में दिनभर महिलाओं की आमद बनी रही, जहां उन्होंने अपनी पसंद के अनुसार फेशियल, थ्रेडिंग, ब्लीच और पैकेज के तहत पूरा श्रृंगार कराया। ब्यूटी पार्लर्स में भीड़ को देखते हुए संचालकों ने भी विशेष प्रबंध किए थे।
वहीं, मेहंदी का बाजार भी पूरी तरह सजा नजर आया। सिनेमा चौराहा और बड़ा चौराहा के आसपास फुटपाथों पर लगे स्टालों में बैठकर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक मेहंदी लगवाई। अरेबियन और मारवाड़ी डिजाइन की मेहंदी लगवाने के लिए स्टालों पर देर शाम तक महिलाओं की कतारें लगी रहीं। करवा चौथ की पूर्व संध्या पर बाजारों में केवल महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुषों और बच्चों की भी अच्छी-खासी रौनक बनी रही। शहर की प्रमुख कपड़ा दुकानों, ज्वेलरी शोरूम और कॉस्मेटिक शॉप्स पर ग्राहकों का तांता लगा रहा। देर रात तक चहल-पहल रहने से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं और पूरा शहर उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)