सिद्धार्थनगर में लोहे की रॉड से युवक की हत्या:परिजनों ने लोटन चौराहे पर जाम लगाया, आरोपी से हुई पूछताछ
सिद्धार्थनगर के मोहाना थाना क्षेत्र के बेलौहा गांव में बुधवार दोपहर लोहे की रॉड से हमले में 23 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लोटन थाना क्षेत्र के खखरा गांव के रहने वाले भोलू गौड़ उर्फ शिवा (23), पुत्र बब्लू गौड़ के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर लोटन चौराहे पर पुलिस बूथ के सामने सड़क जाम कर दिया। अधिकारियों के समझाने पर जाम हटाया गया। सूचना मिलने पर मोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल भोलू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लोटन ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव उठाने देने को तैयार नहीं हुए। उनकी मांग थी कि घटना से जुड़े सभी लोगों की गिरफ्तारी के बाद ही शव उठाया जाए। चार दिन पहले हुआ था विवाद परिजनों के मुताबिक, भोलू और बेलौहा गांव के रहने वाले अभिलाष उपाध्याय के बीच 4 दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे भोलू बाइक से घर के काम से बेलौहा जंगल की ओर गया था। आरोप है कि वह वहां किसी से बात कर रहा था, तभी पीछे से उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। भोलू की मां उर्मिला देवी ने मोहाना थाने में अभिलाष उपाध्याय के खिलाफ नामजद शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अभिलाष उपाध्याय को पूछताछ के लिए थाने ले गई। गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल का लिया जायजा सीओ सदर विश्वजीत शौर्यान घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। इसके बाद वह सीएचसी लोटन पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। एएसपी प्रशांत कुमार भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मृतक की बाइक और आसपास के स्थानों से सबूत जुटाए। टीम ने घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की। उधर, कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने बुधवार शाम करीब चार बजे लोटन चौराहे पर पुलिस बूथ के सामने सड़क जाम कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस और अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को समझाया, जिसके बाद जाम हटाया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। चार दिन पहले हुए विवाद की भूमिका और हमले की परिस्थितियों की पड़ताल के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)