प्रयागराज में जनगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया:16 नवंबर से स्व-गणना शुरू होगी; डीएम मनीष कुमार वर्मा ने व्यवस्थाएं देखीं
प्रयागराज में जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत बुधवार को बिशप जानसन स्कूल, कचहरी में प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं और प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने सभी बिंदुओं को ध्यान से समझने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का काम सही तरीके से पूरा करने के लिए प्रशिक्षण जरूरी है। किसी बिंदु पर भ्रम होने पर संबंधित प्रशिक्षकों से जानकारी लेने को कहा। इससे काम के दौरान आने वाली समस्याएं दूर करने और तय समय में काम पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने फील्ड ट्रेनरों से कहा कि प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना की सभी प्रक्रियाओं की साफ जानकारी दें। साथ ही लोगों को स्व-गणना के लिए जागरूक और प्रेरित करें। जनगणना तीन चरणों में होगी। जिलाधिकारी के अनुसार, दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का काम तीन तय समयावधियों में पूरा किया जाएगा। स्व-गणना 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना होगी। पुनरीक्षण का काम 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक होगा। प्रशासन का लक्ष्य जनगणना का काम सही जानकारी के साथ तय समय में पूरा करना है। इसके लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जानकारी देना और उनकी शंकाओं का समाधान करना जरूरी है। फील्ड ट्रेनरों ने जिले की सभी तहसीलों, नगर निगम के सभी जोन और नगर पंचायतों में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम किए। इनमें प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने कोरांव और मेजा तहसील में हुए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की जानकारी ली और प्रगणकों तथा सुपरवाइजरों से बातचीत की। कार्यक्रमों में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)