हरदोई में PET-परीक्षा की पहली पाली कड़ी सुरक्षा में संपन्न:9 केंद्रों पर हुआ एग्जाम, अलग-अलग जिलों से आए परीक्षार्थी
हरदोई में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की पहले दिन की परीक्षा रविवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न हो गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की गई। जिसके बाद दोपहर 12 बजते ही परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले। इस दौरान गोरखपुर, अंबेडकरनगर, लखनऊ, सीतापुर और लखीमपुर समेत अन्य जनपदों से आए अभ्यर्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों को कई स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। पुलिसकर्मियों द्वारा सघन तलाशी और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र के भीतर प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान भी कमरों में सघन तलाशी अभियान जारी रहा। जिले के 9 निर्धारित केंद्रों—राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सीएसएन पीजी कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय आदि पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहे। परीक्षा की शुचिता का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी (DM) राहुल पांडे और पुलिस अधीक्षक (SP) अशोक कुमार मीणा समेत एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम और सीओ सिटी अजीत सिंह ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षार्थियों के लिए की गई सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। डीएम राहुल पांडे ने बताया कि जिले में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। वहीं, एसपी अशोक कुमार मीणा ने कहा कि हर केंद्र और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व एलआईयू (LIU) का कड़ा पहरा है। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। कुछ परीक्षार्थियों का कहना था कि गणित (Maths) के सवाल अपेक्षाकृत सरल थे, जबकि करंट अफेयर्स के प्रश्नों ने थोड़ा उलझाया और वे काफी टफ लगे। दूर-दराज के जिलों से आए अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनें और परिवहन विभाग द्वारा बसों के फेरे बढ़ाए जाने से परीक्षार्थियों को काफी राहत मिली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)