हरदोई में पुरानी तहसील की बिल्डिंग तोड़ने की कोशिश:फर्जी टेंडर बताकर जमीन पर कब्जे का आरोप, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री के भाई समेत कई पर FIR
हरदोई के बिलग्राम में पुरानी तहसील की ऐतिहासिक सरकारी बिल्डिंग को आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त करने के मामले में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी के भाई धर्मेंद्र कुमार अग्निहोत्री समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर उस पर अवैध कब्जे की कोशिश की गई। नायब नाजिर मुकेश यादव की तहरीर पर शनिवार दोपहर 3:25 बजे पुलिस ने संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आपराधिक अतिचार समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जेसीबी से बिल्डिंग का हिस्सा क्षतिग्रस्त करने का आरोप रिपोर्ट के मुताबिक, बिलग्राम कस्बे में स्थित पुरानी तहसील की बिल्डिंग वर्ष 1992 में कार्यालय नई तहसील परिसर में स्थानांतरित होने के बाद से खाली थी। आरोप है कि 30 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे धर्मेंद्र कुमार अग्निहोत्री ने किराए की जेसीबी मंगवाकर भवन के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त करवा दिया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी को कब्जे में ले लिया। टेंडर मिलने और जमीन का बैनामा कराने की बात कही रिपोर्ट में बताया गया कि जेसीबी वीरेश यादव चला रहा था। मशीन के मालिक सुशील पाल की ओर से उनके चचेरे भाई महेंद्र पाल काम का संचालन करवा रहे थे। मौके पर महेंद्र पाल का पुत्र ईशान पाल भी मौजूद था। पूछताछ के दौरान महेंद्र पाल ने कथित तौर पर बताया कि धर्मेंद्र कुमार अग्निहोत्री ने उन्हें पुरानी तहसील की बिल्डिंग तोड़ने का काम यह कहकर दिया था कि उन्हें इसका टेंडर मिला है और जमीन का बैनामा भी कराया गया है। प्रशासनिक जांच में इन दावों को गलत और भ्रामक बताया गया। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप तहरीर में आरोप लगाया गया है कि धर्मेंद्र कुमार अग्निहोत्री ने गलत जानकारी देकर ऐतिहासिक सरकारी भवन को क्षतिग्रस्त कराया और सरकारी भूमि पर कब्जे की कोशिश की। नायब नाजिर की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)