ट्रैक्टर निकालने के विवाद में मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार:बागपत में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली
बागपत के खेड़ा हटाना गांव में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दिनेश और मनवीर के पैर में गोली लगी। पीड़ित तेजू पुत्र हुक्मी की शिकायत पर पुलिस ने दिनेश, मैनपाल, बंटी, टिंकू, अमित, आजाद, बली, राजू, राजन, अंकित, मनु और राजीव, चरना के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। तेजू ने बताया कि गली से ट्रैक्टर निकालने को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद उनके परिवार के लोगों से मारपीट की गई। इसमें तीन महिलाओं समेत करीब 10 लोग घायल हुए। एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे बड़े अस्पताल भेजा गया।
मारपीट शनिवार दोपहर हुई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों की तलाश के लिए बागपत के एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने दो टीमें बनाईं। शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लुहारी गांव की ट्यूबवेल पर कुछ लोगों के होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो दो आरोपी फायरिंग कर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दिनेश और मनवीर के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस मिले। कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि खेड़ा हटाना गांव में मारपीट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)