गोरखपुर में 3 दिन बाद लापता बच्चे की लाश मिली:सौतेले पिता ने गोद में उठाकर नदी में फेंका था, पुलिस के साथ ढूंढने का करता रहा नाटक

Nov 29, 2026 - 13:13
0
गोरखपुर में 3 दिन बाद लापता बच्चे की लाश मिली:सौतेले पिता ने गोद में उठाकर नदी में फेंका था, पुलिस के साथ ढूंढने का करता रहा नाटक
गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र से लापता 5 साल के आयुष शर्मा का तीन दिन बाद रविवार को राप्ती नदी में शव मिला। हत्यारोपी सौतेले पिता ने बच्चे को जिंदा नदी में फेंक दिया था। उसकी नदी में तड़पकर मौत हो गई। तीन दिन से आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही थी। पहले वह पुलिस के साथ मिलकर बच्चे का ढूंढने का नाटक करता रहा। सीसीटीवी कैमरे में बच्चे के साथ उसकी तस्वीर सामने आने के बाद उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसके बयान के आधार पर एनडीआरएफ टीम को नौसड़ के पास राप्ती नदी में बच्चे की तलाश के लिए लगाया गया था। वहीं बच्चे की मौत की खबर सुनते ही मां रुबी शर्मा बदहवास हो गईं। पुलिस उन्हें परिजनों के साथ नौसड़ के पास घटनास्थल पर ले जा रही थी, तभी वह आटो में ही बेहोश हो गईं। उधर, पुलिस ने हत्यारोपित सौतेले पिता रितिक यादव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। पांच साल पहले महिला ने की थी दूसरी शादी पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि पादरी बाजार निवासी रितिक यादव ने पांच वर्ष पहले रुबी शर्मा से शादी की थी। रुबी की यह दूसरी शादी थी। पहले पति से उनके दो बेटे पांच वर्षीय बेटा आयुष और 7 साल का आरूष है। रुबी आरूष को मायके में रखती थी। रितिक रुबी से अपनी संतान चाहता था। जबकि रुबी इसके लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, आयुष के कुछ अपशब्द कहने से भी रितिक नाराज था। इसी खुन्नस में उसने बच्चे की हत्या की साजिश रच डाली। भोर में कार में बैठाकर बच्चे को ले गया आरोपी गुरुवार की सुबह पांच बजे रुबी काम पर चली गई थीं। आयुष कमरे में सो रहा था। इसी दौरान रितिक कार से पहुंचा और बच्चे को अपने साथ लेकर चला गया। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में आयुष को रितिक के साथ कार में जाते देखा गया। इसके आधार पर पुलिस ने रितिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बच्चे की हत्या कर बाघागाड़ा पुल के पास राप्ती नदी में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। शनिवार को भी अभियान जारी रहा और रविवार की सुबह करीब 11 बजे शव बरामद हुआ। बार-बार आरोपी से पूछती रही मां- मेरा बेटा कहां है बच्चे की मां रुबी शर्मा शनिवार की रात 11 बजे शाहपुर थाने पहुंचीं। वहां उन्होंने रितिक से बार-बार पूछा कि उनका बेटा कहां है और उसे वापस कर दे। इस पर रितिक ने सिर्फ इतना कहा कि बहुत बड़ी गलती हो गई। इसके बाद वह चुप हो गया। मां लगातार बेटे को लौटाने की गुहार लगाती रहीं। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे के बिना नहीं रह पाएंगी। माैत की खबर मिलते ही मां की हालत बिगड़ी रविवार सुबह आठ बजे से ही रुबी शाहपुर थाने में बैठकर रोती रहीं। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि उनके बेटे की हत्या कर दी गई है। वह बार-बार पुलिस से बेटे को वापस दिलाने की गुहार लगा रही थीं। रुबी का कहना था कि रितिक थाने में गहरी नींद में सो रहा है और उसके चेहरे पर कोई शिकन तक नहीं है। पूछने पर भी वह कुछ नहीं बता रहा। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद मां की हालत बिगड़ गई। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि बच्चे का शव बरामद हो गया है। पहचान के लिए मां को नौसड़ स्थित राप्ती नदी तट पर ले जाया जा रहा है। आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User