ईरान की धमकियों से डरे ट्रम्प के 5 मंत्री:अपना घर छोड़ 100 साल पुराने सैन्य घरों में पहुंचे, सेना के पहरे में रह रहे

Nov 27, 2026 - 16:34
0
ईरान की धमकियों से डरे ट्रम्प के 5 मंत्री:अपना घर छोड़ 100 साल पुराने सैन्य घरों में पहुंचे, सेना के पहरे में रह रहे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीब 5 मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अपने निजी घर छोड़कर सैन्य ठिकानों पर रहने चले गए हैं। इन मंत्रियों ने ईरान से मिल रही जान से मारने की धमकियों और अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा को इसकी वजह बताया है। अब ये अधिकारी 100 साल से भी ज्यादा पुराने सैन्य घरों में रह रहे हैं, जहां चारों तरफ सेना की सुरक्षा रहती है। इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट शामिल हैं। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉशिंगटन डीसी में सैन्य ठिकानों पर अधिकारियों के रहने का यह चलन पहले के मुकाबले काफी बढ़ा है। इन घरों में आमतौर पर सेना के बड़े अधिकारी और जनरल रहते थे। यहां आने-जाने के लिए सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है और आम लोगों की पहुंच सीमित है। ईरान की धमकियों के बाद ट्रेजरी मंत्री ने छोड़ी कोठी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट हाल ही में जॉर्जटाउन स्थित अपनी बड़ी कोठी छोड़कर सैन्य ठिकाने पर रहने चले गए। उन्होंने CNBC के कार्यक्रम में बताया कि ईरान से मिल रही जान से मारने की धमकियों के कारण उन्हें यह फैसला लेना पड़ा। बेसेंट ईरान पर आर्थिक दबाव बनाने और उस पर कड़े प्रतिबंध लगाने की मुहिम का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान के नेता उन्हें और कैबिनेट के दूसरे सदस्यों को धमकियां दे रहे हैं, लेकिन वे इससे डरने वाले नहीं हैं। अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश भी सुरक्षा चिंताओं के चलते सैन्य ठिकाने पर रहने चले गए हैं। उनसे पहले इस पद पर रहीं पाम बॉन्डी भी पिछले साल सैन्य आवास में रह रही थीं। स्टीफन मिलर के घर के बाहर हुआ था प्रदर्शन व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर और उनकी पत्नी केटी अपने चार बच्चों के साथ पिछले साल वर्जीनिया स्थित घर छोड़कर फोर्ट मैकनेयर सैन्य ठिकाने पर रहने चले गए थे। उनके घर के बाहर एक महिला ने प्रदर्शन किया था और उनके घर का पता लिखे पर्चे भी बांटे थे। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के मुताबिक, मिलर परिवार को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। उनका पीछा करने, निजी जानकारी सार्वजनिक करने और धमकियां देने जैसी घटनाएं हुई थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ अधिकारियों ने विदेशी खतरों के कारण सैन्य आवास चुना है, जबकि कुछ को अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा का डर है। रूढ़िवादी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या और अधिकारियों को मिल रही दूसरी धमकियों ने भी उनकी चिंता बढ़ाई है। एक ही सैन्य ठिकाने पर रुबियो, हेगसेथ और मिलर परिवार विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और स्टीफन मिलर का परिवार फोर्ट मैकनेयर में पड़ोसी हैं। यहां सैन्य अधिकारियों के लिए बने घरों की एक कतार को 'जनरल्स रो' कहा जाता है। यह ठिकाना पोटोमैक और एनाकोस्टिया नदियों के मिलने वाली जगह पर स्थित है। रुबियो और उनकी पत्नी ने एक पॉडकास्ट में बताया था कि एक बार उनका गोल्डनडूडल कुत्ता गलती से हेगसेथ के घर में घुस गया था। रुबियो ने यह भी बताया कि हेगसेथ की बिल्ली कई बार उनके घर के बरामदे में बैठी मिलती है। अमेरिकन यूनिवर्सिटी के थॉमस कान ने इस सैन्य परिसर को अपने आप में एक अलग दुनिया बताया। यहां दुकान और टेनिस कोर्ट जैसी सुविधाएं हैं, लेकिन चारों तरफ दीवारें होने के कारण यह शहर के बाकी हिस्सों से पूरी तरह अलग है। सैन्य घरों का किराया 4,500 डॉलर से ज्यादा इन घरों में रहने वाले अधिकारियों को किराया देना पड़ता है। आमतौर पर यह हर महीने 4,500 डॉलर (करीब 4 लाख रुपए) से ज्यादा होता है। घर के आकार और सुविधाओं के हिसाब से किराया तय किया जाता है। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के आवास की मरम्मत और सुविधाओं पर अमेरिकी सेना के 1 लाख 37 हजार 297 डॉलर (करीब 1.2 करोड़ रुपए) खर्च करने की तैयारी की खबर सामने आने के बाद पिछले साल विवाद हुआ था। सैन्य आवास में किसी नागरिक अधिकारी के रहने की व्यवस्था रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स के समय शुरू हुई थी। वे जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा, दोनों के कार्यकाल में रक्षा मंत्री रहे। 2008 में नियम बदला गया, जिसके बाद रक्षा मंत्री सैन्य आवास के लिए चार सितारा जनरल या एडमिरल के किराए से सिर्फ 5% ज्यादा भुगतान करके रह सकते हैं। कांग्रेस ने सैन्य आवास में रहने की जांच के आदेश दिए कुछ डेमोक्रेट सांसदों ने सरकारी अधिकारियों के सैन्य आवास में रहने पर सवाल उठाए हैं। हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी ने पेंटागन से इस साल वसंत तक रिपोर्ट देने को कहा है। रिपोर्ट में बताया जाएगा कि कितने राजनीतिक नियुक्ति वाले अधिकारी सैन्य आवास में रह रहे हैं, उन्हें किस तरह के खतरे हैं, वहां रहने की कानूनी अनुमति कैसे मिली और वे कितना किराया दे रहे हैं। कैलिफोर्निया के सांसद जॉर्ज व्हाइटसाइड्स ने कहा कि जांच जरूरी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि राजनीतिक नियुक्ति वाले अधिकारी सैन्य कर्मचारियों के लिए बने घरों का उचित किराया दे रहे हैं। अमेरिकन यूनिवर्सिटी के थॉमस कान का कहना है कि सरकारी अधिकारियों को लगातार मिल रही धमकियों के कारण भविष्य में भी सैन्य परिसरों में रहने का चलन बढ़ सकता है। इससे अधिकारियों और आम लोगों के बीच दूरी और बढ़ेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User